दुर्गा पूजा पास घोटाले में ईडी के सामने पेश हुए बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन

कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और प्रसिद्ध बांग्ला गायक इंद्रनील सेन दुर्गा पूजा पंडालों के एंट्री पास की बिक्री में भारी वित्तीय अनियमितता के आरोपों के सिलसिले में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए।

ईडी की ओर से जारी समन के बाद इंद्रनील सेन सुबह करीब 11 बजे साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में केंद्रीय जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे। इससे एक दिन पहले ईडी की टीम ने इस भ्रष्टाचार के संबंध में उनके आवास और उनसे जुड़े कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की थी। पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सेन पर फर्जी पूजा पास बेचकर करोड़ों रुपये के गबन का आरोप है।

जांचकर्ताओं के प्राथमिक अनुमान के अनुसार फर्जी पासों की बिक्री से जुड़ा यह घोटाला लगभग 50 करोड़ से 60 करोड़ रुपये का है।

आरोप है कि इंद्रनील और उनकी पत्नी मधुछंदा सेन ने दुर्गा पूजा के दौरान अवैध व्यावसायिक गतिविधियां चलायीं। यह मामला जयदीप मुखोपाध्याय नामक व्यक्ति की शिकायत पर आधारित है, जिन्होंने दंपती पर करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बाउबाजार थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करायी थी।

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में कोलकाता की दुर्गा पूजा को यूनेस्को से अमूर्त सांस्कृतिक विरासत का दर्जा मिलने के बाद ‘मास आर्ट’ नामक संस्था के जरिये ‘प्रिव्यू शो’ और ‘विशिष्ट पूजा एंट्री पास’ बेचने का अभियान चलाया गया था।

आरोप है कि जनता को गुमराह करने के लिए यूनेस्को के नाम का गलत इस्तेमाल किया गया, जबकि यूनेस्को ने ऐसे किसी भी व्यावसायिक समझौते या भागीदारी की सहमति नहीं दी थी। इसी शिकायत के आधार पर ईडी ने धन शोधन का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

 

Next Post

गन्ना किसानों को अब डिजिटल पहचान और एआई चैटबॉट से मिलेगी योजनाओं की जानकारी

Thu Oct 1 , 2026
पटना, (वार्ता) गन्ना किसानों को विभागीय योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने के लिए गन्ना उद्योग विभाग ने डिजिटल पहल की है। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार,ने बुधवार को विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में ‘गन्ना साथी’ एआई चैटबॉट और गन्ना किसान डिजिटल पहचान पत्र का शुभारंभ किया। मंत्री ने […]

You May Like