इंदौर: रावजी बाजार थाना क्षेत्र में साथ में काम करने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया. आरोपियों ने सरेराह रोककर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और धमकी देते हुए फरार हो गए.रावजी बाजार थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि यह सनसनीखेज घटना चम्पाबाग क्षेत्र की है. 35 वर्षीय फरियादी बाबू उर्फ इमरान पिता मोहम्मद याकूब निवासी चम्पाबाग, चौराहे पर खड़ा था.
इसी दौरान क्षेत्र का रहने वाला आरोपी जावेद पिता मोहम्मद जफर उर्फ गालिब साब वहां पहुंचा और इमरान पर अपने साथ काम पर चलने का दबाव बनाने लगा. जब इमरान ने आरोपी के साथ काम करने से साफ इनकार किया, तो जावेद भड़क गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी जावेद ने अपने साथी रिजवान पिता इस्तकार उर्फ कल्लू, निवासी कबूतरखाना, और अन्य साथियों के साथ मिलकर इमरान को घेर लिया.
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से इमरान पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए. जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि यदि आगे भी साथ में काम करने से मना किया तो जान से खत्म कर देंगे. घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल इमरान को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी जावेद, रिजवान और उनके अन्य साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.
