बारिश, सर्द हवाओं से लखनवास, झाडला सहित कई क्षेत्रों के दर्जनों खेतों में गेहूं की फसल बिछी

ब्यावरा। जिले में बारिश के साथ ही सर्द हवाएं चलने का सिलसिला जारी है, दूसरे दिन गुरुवार-शुक्रवार की रात्रि को जिले के कई क्षेत्रों में हुई बारिश और सर्द हवाओं के चलने से दर्जनों खेतों में गेहूं की फसल आड़ी बिछ गई, जिससे काफी नुकसान पहुंचा है.

जानकारी के अनुसार नरसिंहगढ़-कुरावर के बीच झाडला क्षेत्र के अनेक गांवों में गेहूं फसल का काफी नुकसान पहुंचा है. झाडला संवाददाता के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की रात्रि में बारिश के साथ सर्द हवाओं ने खेतों में गेहूं, सरसों फसल को बिछा दिया. झाडला सहित ग्राम बिसारती,पखरी, झुमका, आंवली, हिकमी, बरखेड़ा डोर, खलेली, बडल्या, अगवानी, कल्याणपुरा, मोइली, छापरी गांवों में फसलों को बहुत नुकसान हुआ. गेहूं, सरसों, चना फसल को नुकसान हुआ है.

इसी प्रकार लखनवास क्षेत्र में भी फसल को काफी नुकसान होने की जानकरी है. बारिश और सर्द हवाओं के कारण ग्राम टुआखेड़ी, भंवास, किशनगढ़, सीलखेड़ा, कानरखेड़ी सहित अनेक गांवों में दर्जनों खेत में गेहूं फसल आड़ी बिछ गई. सरसों फसल को भी नुकसान हुआ है.

कटाई के पूर्व प्राकृतिक आपदा ने चिंतित किया

गेहूं फसल लगभग खेतो में पककर तैयार हो चुकी है, कुछ ही दिनों में फसल कटाई शुरु होने को है किंतु इसके पूर्व बीते दो दिन से जिले के कई स्थानों पर हुई बारिश और सर्द हवाओं ने खेतों में गेहूं फसल को आड़ी बिछा दिया. इससे काफी नुकसान की जानकारी है. गेहूं सहित सरसों, मसूर, धनिया फसल का नुकसान पहुंचना बताया जा रहा है.

जानकारों के अनुसार गेहूं का पौधा काफी वजनी होने के कारण ठंडी हवाओं से बिछ गया. आड़ी बिछी फसल के पुन: उठने की संभावना न के बराबर बताई जाती है जिसके कारण फसल को नुकसान पहुंचा है. गौरतलब है कि एक दिन पूर्व बुधवार-गुरुवार की रात्रि में नरसिंहगढ़ रोड पर स्थित ग्राम बारवां,धुरला, तालौडी, बरखेड़ी, अतरालिया, बाजपुर, बाईहेडा, पगारी बंगला, खानपुरा, भैंसाना, भगवतीपुर, बहादुरपुरा, मोर्चाखेड़ी, खजुरिया सहित सुठालिया क्षेत्र, ग्राम लोधीपुरा व अन्य गांवों में गेहूं, मसूर, धनिया फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी है.

शुक्रवार को हुई बारिश की स्थिति इस प्रकार

वर्षामापी केन्द्र राजगढ़ के अनुसार गुरुवार को जिले की विभिन्न तहसीलों में हुई बारिश की जानकारी इस प्रकार है. पचोर में 11 एमएम, नरसिंहगढ़ 7 एमएम, सारंगपुर में 3.4 एमएम बारिश दर्ज हुई है. बारिश एवं सर्द हवाओं के कारण मौसम बदलने से ठंड का अहसास होने लगा है.

न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव

बदलते मौसम के बीच न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. जिला मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी को जिले में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा. जो 11 को 10.5, 12 को 10.4, 13 को 10.6, 14 को 11, 15 को 10, 16 को 9, 17 को 12, 18 को 12.4, 19 को 10 डिग्री तथा 20 फरवरी को 12.5 डिग्री पर रहा.

Next Post

बरगी ने वित्तीय वर्ष में किया 508.08 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन

Fri Feb 20 , 2026
जबलपुर। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के रानी अवंती बाई सागर जल विद्युत गृह बरगी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का 508.08 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का लक्ष्य 39 दिन पूर्व ही पूरा कर दिखाया। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने कहा की 90 मेगावाट क्षमता […]

You May Like