जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत गुरैया एकता मार्केट के पास जालसाजों ने प्लाट दिलाने के नाम पर खम्हरिया फैक्ट्री से रिटायर्ड बुजुर्ग को झांसे में लेकर 8 लाख की मोटी रकम ऐंठ ली और रजिस्ट्री कराए बिना अपना दफ्तर बंद कर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एचएफ इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के दो पार्टनर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, द्वारका नगर कछियाना मोहल्ला, घमापुर निवासी 84 वर्षीय जीवनलाल मलिक खम्हरिया फैक्ट्री से रिटायर्ड कर्मचारी हैं और पेंशनर हैं। वे अपने लिए एक मकान की तलाश में थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि एकता मार्केट में एचएफ इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा जमीनों की प्लाटिंग की जा रही है। पीड़ित जब कंपनी के अस्थाई दफ्तर पहुंचे, तो वहां उन्हें नेंसी स्वामी और अनूप मिश्रा मिले। दोनों ने खुद को फर्म का पार्टनर बताते हुए बुजुर्ग को ग्राम गुरैया एकता मार्केट के पास खसरा नंबर 151/1, रकबा 0.375 हेक्टेयर में 900 वर्गफिट का एक प्लाट दिखाया। आरोपियों ने इस प्लाट का सौदा 8 लाख में तय किया, जिस पर पीड़ित जीवनलाल सहमत हो गए।
चार किस्तों में ऐंठी रकम, फिर दफ्तर पर लटकाया ताला
बुजुर्ग जीवनलाल ने आरोपियों पर भरोसा करते हुए अपने लालमाटी ब्रांच कांचघर चौराहा के बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों पर चार किस्तों में कुल 8 लाख नेंसी स्वामी की फर्म के खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही आरोपियों ने आश्वासन दिया कि 10 से 15 दिनों के भीतर प्लाट की रजिस्ट्री बुजुर्ग के नाम कर दी जाएगी। तय समय बीतने के बाद जब पीड़ित रजिस्ट्री की बात करने एकता मार्केट स्थित दफ्तर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोपियों का अस्थाई ऑफिस वहां से गायब हो चुका था।
