
बनखेड़ी। विगत सप्ताह उमरधा रोड टगरा पर स्थित सनराइज ढाबा पर बुधवार रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। जिसमें 4 लोग गंभीर घायल हुए थे। जिनका इलाज हमीदिया अस्पताल भोपाल में चल रहा था, घायलों में से अभिषेक पटेल 24 वर्ष की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक का पोस्टमार्टम हमीदिया अस्पताल भोपाल में किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया। शुक्रवार की शाम को मृतक का अंतिम संस्कार ग्राम गरधा में किया गया।
थाना प्रभारी विजय सनस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
क्या था मामला
विगत दिनों उमरधा रोड स्थित ढाबे पर 260 रुपए की उधारी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, विवाद के दौरान ढाबा मालिक अतुल पटेल ने दूसरे पक्ष पर कार चढ़ा दी, जिसमें 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, जानलेवा हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए बनखेड़ी थाने में काउंटर एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
