
इंदौर. घर लौटने की खुशी कुछ ही पल में मातम में बदल गई. राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात ऋषिकेश से इंदौर आ रही स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गई. देखते ही देखते पूरी बस धधक उठी और कई यात्री बाहर निकलने से पहले ही आग की चपेट में आ गए. हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हैं. मृतकों में इंदौर की इंजीनियरिंग छात्रा भूमि भोर भी शामिल हैं, जबकि शहर की निर्मला गुप्ता का देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका.
हादसा रात करीब ढाई बजे कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट पर हुआ. प्रारंभिक जांच में बस के तेज रफ्तार होने और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रेलर दोनों में आग लग गई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक छह यात्रियों की मौत झुलसने से हुई, जबकि दो ने गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया. हादसे में इंदौर के मेघदूत नगर निवासी 20 वर्षीय भूमि भोर एलएनटी कॉलेज में इंजीनियरिंग की छात्रा थीं. वह दोस्तों के साथ मसूरी घूमने गई थीं और लौटते समय हादसे का शिकार हो गईं. वहीं चारधाम यात्रा से लौट रहीं निर्मला गुप्ता के पति चंद्रप्रकाश को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन निर्मला बस के भीतर ही रह गईं. परिजन उनकी तलाश में राजस्थान पहुंच चुके हैं. घायल यात्रियों ने राहत और बचाव कार्य में देरी के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बस के शीशे तोड़कर कई यात्रियों को बाहर निकाला, जबकि प्रशासनिक मदद काफी देर बाद पहुंची. सूत्रों के हवाले से दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने भी दावा किया है कि हादसे के दौरान बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला, जिससे कई यात्री बाहर नहीं निकल सके. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी.
घटनास्थल पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने बस की डिक्की में सिगरेट के कार्टून रखे होने का दावा किया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि इससे आग ने तेजी से विकराल रूप लिया था, मगर पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है मगर इसे भी जांच का हिस्सा बनाया है. दौसा जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में कई मध्यप्रदेश के हैं. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं. पुलिस बस की तकनीकी स्थिति, चालक की भूमिका, इमरजेंसी गेट की कार्यप्रणाली, बचाव कार्य में हुई देरी और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इंदौर के कई यात्री घायल…
हादसे में इंदौर के कई यात्री भी घायल हुए हैं. इनमें दिशा, याचिका, नेहा, सुवानंद, प्रदीप, महक, योगानी और चंद्रप्रकाश गुप्ता शामिल हैं. सभी का उपचार दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
