मुंबई 26 अप्रैल (वार्ता) मुंबई के उपनगर अंधेरी (पश्चिम) के लोखंडवाला में अशोक अकादमी लेन के पास ब्रोक लैंड बिल्डिंग में स्थित आवासीय इमारत में शनिवार को आग लगने से एक महिला की मौत हो गयी और छह अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार आग तड़के 02:39 बजे लगी और बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी) ने 03:13 बजे इसकी सूचना दी। आग ग्राउंड-प्लस-आठ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर एक फ्लैट तक ही सीमित थी। आग ने बिजली के तारों, बिजली के प्रतिष्ठानों, स्प्लिट और विंडो एसी इकाइयों, लकड़ी के फर्नीचर, दस्तावेज, गद्दे, कपड़े और अन्य घरेलू सामानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान कुल सात लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ हुई। उन्हें तुरंत अग्निशामकों द्वारा बचाया गया और कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल, कूपर अस्पताल और ट्रॉमा अस्पताल सहित आस-पास के अस्पतालों में ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि महिला अभिना कार्तिक संजनवलिया को धुएं के कारण दम घुटने की शिकायत थी और अस्पताल में भर्ती होने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया गया। घायलों की पहचान अपर्णा गुप्ता, दया गुप्ता, रिहान गुप्ता, प्रदुम्ना, कार्तिक संजयवलिया और पोलम गुप्ता के रूप में हुई है।
आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
