मुम्बई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया

हैदराबाद 23 अप्रैल (वार्ता) ट्रेंट बोल्ट (चार विकेट), दीपक चाहर (दो विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद रोहित शर्मा (70 ) और सूर्यकुमार यादव (नाबाद40 ) रनों की बेहतरीन पारियों के दम पर मुम्बई इंडियंस ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 41वें मुकाबले में 26 गेंदे शेष रहते सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया। मुम्बई इंडियंस की यह लगातार चौथी जीत है।

144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुम्बई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने सलामी बल्लेबाज रायन रिकलटन (11) का विकेट दूसरे ही ओवर में गवां दिया।इसके बाद बल्लेबाजी करने आये विल जोक्स ने रोहित शर्मा के साथ दूसरे विकेट लिये 64 रन जोड़े। 10वें ओवर में जीशान अंसारी ने विल जोक्स (22) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद रोहित के साथ सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। 15वें ओवर में इशान मलिंगा ने रोहित शर्मा को अभिषेक के हाथों कैच आउट कराकर हैदराबाद के लिये तीसरा विकेट झटका। रोहित शर्मा तब तक अपनी टीम को जीत के द्वार तक पहुंचा चुके थे। रोहित ने 46 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाते हुए (70) रनों की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 40) रन बनाये। मुम्बई इंडियंस ने 15.4 ओवर में तीन विकेट पर 146 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से जीत लिया।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इशान मलिंगा, जयदेव उनादकट और जीशान अंसारी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां मुम्बई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने एक के बाद एक 13 के स्कोर तक अपने शीर्ष चार विकेट गवां दिये। ट्रेंट बोल्ट ने दूसरे ही ओवर में ट्रैविस हेड को नमन धीर के हाथों कैच आउट कराकर मुम्बई इंडियंस को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में दीपक चाहर ने इशान किशन (एक) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। हैदराबाद का तीसरा विकेट अभिषेक शर्मा (आठ) के रूप में गिरा। चौथा विकेट नीतीश कुमार रेड्डी (दो) को दीपक चाहर ने आउट किया। इसके बाद हाइनरिक क्लासन और अनिकेत वर्मा ने पारी को संभालने का प्रयास किया। नौवें ओवर में हार्दिक पंड्या ने अनिकेत वर्मा (12) को आउटकर हैदराबाद को पांचवां झटका दिया। 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने हाइनरिक क्लासन को आउटकर अभिनव मनोहन के साथ उनकी 99 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी का अंत किया। हाइनरिक क्लासन ने 44 गेंदों में नौ चौके और दो छक्के लगाते हुए (71) रनों की पारी खेली। ट्रेंट बोल्ड ने 20 ओवर में अभिनव मनोहन को भी आउट कर मुम्बई के लिए सातवां विकेट लिया। अभिनव मनोहन ने 37 गेंदों में तीन छक्के और दो चौके लगाते हुए (43) रन बनाये। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 143 रनों का स्कोर खड़ा किया।

मुम्बई इंडियंस की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने चार और दीपक चाहर ने दो विकेट लिये। हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

 

Next Post

उच्चतम न्यायालय ने पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की

Wed Apr 23 , 2025
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले पर बुधवार को दुख व्यक्त किया और इसकी कड़ी निंदा की। शीर्ष अदालत के न्यायाधीशों, वकीलों और अन्य कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर पीड़ितों को अपनी श्रद्धांजलि दी। पूर्ण न्यायालय की बैठक में सर्वसम्मति […]

You May Like