
सीधी। जिले के बहरी थानांतर्गत मायापुर -नकझर के बीच देउरी गांव की चढ़ाई में आज शाम करीब 6 बजे हाइवा और आटो की सामने से भिड़ंत होने पर एक सवारी की मौत हो गई और 9 सवारी घायल हो गये। हादसे के बाद सभी घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहरी पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में गंभीर रूप घायल एक महिला ने दम तोड़ दिया वहीं एक महिला की हालत नाज़ुक होने पर रीवा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त कुसेड़ा के लाले के ऑटो में सवार होकर सभी 10 सवारी कुसेड़ा जा रहे थे। रास्ते में देउरी गांव की चढ़ाई में सामने से आ रहे हाइवा की आटो से भिड़ंत हो गई। हादसे में आटो में सवार सभी 10 सवारी घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार शुरू होते ही गंभीर रूप से घायल हिरउआ साकेत पति सुरेश साकेत 50 वर्ष निवासी कुसेड़ा की मृत्यु हो गई है। वहीं गंभीर रूप से घायल छोटवा साकेत पति मोहन साकेत 52 वर्ष निवासी कुसेड़ा को रीवा रेफर कर दिया गया। घायल सिरोधार पिता छोहन साकेत, सीताकली पिता छोहन साकेत, श्यामकली कोल ,पंचम कोल, बुटवा साकेत पति जगसेन साकेत समेत अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। बहरी पुलिस द्वारा हादसे की विवेचना की जा रही है।
