एलआईसी ने यूएसटीआर की आलोचना को गलत बताया, कहा- कोई खास फायदा नहीं मिलता

कोलकाता, 04 अप्रैल (वार्ता) बीमा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) के एसआईसी को सरकार से खास फायदा मिलने के आरोप को पूरी तरह से खारिज करते हुए कहा कि वह पूरी तरह से स्वतंत्र, निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धी तरीके से काम करती है।

एलआईसी ने शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा, उसको सरकार और नियामकों द्वारा अन्य सभी बीमा कंपनियों की तरह ही माना जाता है। वर्ष 1956 में इसकी स्थापना के समय दी गई गारंटी केवल राष्ट्रीयकरण के शुरुआती वर्षों में जनता का विश्वास जीतने के लिए बनाई गई एक वैधानिक व्यवस्था थी। इसे कभी भी विपणन उपकरण के रूप में इस्तेमाल नहीं किया गया और न ही एलआईसी को कोई अनुचित लाभ मिला।”

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पिछले 25 वर्षों से एक पूरी तरह प्रतिस्पर्धी बाजार में काम कर रही है, जहां उसे बीमा नियामक इरडाआई और पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) जैसे नियामक संस्थानों द्वारा नियंत्रित किया जाता है। उसके संचालन को किसी भी प्रकार की विशेष सुविधा या लाभ प्राप्त नहीं होता है।

एलआईसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ मोहंती ने कहा, “हमारा दृढ़ विश्वास है कि यूएसटीआर के विचार भारतीय बीमा प्रणाली और एलआईसी की कार्य प्रणाली की अधूरी समझ पर आधारित हैं। हम आग्रह करते हैं कि हमारे वित्तीय समावेशन और पॉलिसीधारकों की सुरक्षा में योगदान की निष्पक्ष और तथ्यात्मक सराहना की जाए।”

कंपनी ने अपने नेतृत्व की सफलता को सेवा उत्कृष्टता, पारदर्शिता और वित्तीय मजबूती पर आधारित बताया। तीस करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं देने वाली यह संस्था 69 वर्षों से अधिक की विरासत के साथ काम कर रही है।

श्री मोहंती ने आगे कहा, “हम बाजार में सेवा, शासन और ग्राहकों के विश्वास के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

गौरतलब है कि एलआईसी का यह बयान उस समय आया है जब यूएसटीआर ने अपने हालिया बयान में दावा किया था कि एलआईसी को भारत सरकार से विशेष सहायता मिल रही है, जिससे वह बाजार में अनुचित लाभ प्राप्त कर रही है। एलआईसी का यह स्पष्टीकरण स्पष्ट रूप से दिखाता है कि वह अपने संचालन में निष्पक्षता और प्रतिस्पर्धात्मकता बनाए रखने के प्रति समर्पित है।

Next Post

सूने घर में चोरों का धाबा, बर्तन,अनाज व जेवरात किये पार

Fri Apr 4 , 2025
चितरंगी। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम ओड़ांगी निवास संजू द्विवेदी के घर में गत दिवस के रात चोरों ने ताला तोड़कर सोने-चॉदी के जेवरात, बर्तन एवं अनाज पार कर दिये। घटना की सूचना संजू के छोटे भाई देव प्रकाश ने दिया है। यहां बताते चले कि संजू दुबे पत्नी के […]

You May Like