
उज्जैन। शादी के नाम पर अब तक लुटेरी दुल्हनों के मामले सामने आते रहे हैं। लेकिन पहली बार लुटेरा दूल्हा पुलिस की हिरासत में आया है। शादी डॉट कॉम पर विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के साथ शादी करने का झांसा देता था और दोस्ती कर धोखाधड़ी करता था। उसमें बडऩगर और उज्जैन की रहने वाली तलाकशुदा और विधवा महिलाओं के साथ 15.50 लाख की धोखाधड़ी की। मामला पुलिस के पास पहुंचने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।
बडऩगर थाना क्षेत्र में रहने वाली नर्स तलाकशुदा है, 6 माह पहले उसका संपर्क शादी डॉट कॉम के माध्यम से सचिन पिता सुरेश जगताप निवासी पिपलियाहाना, जिला इंदौर से हुआ। उसने संगम डॉट कॉम के माध्यम से उज्जैन के देवासरोड पर रहने वाली शिक्षा विभाग में पदस्थ विधवा महिला से संपर्क कर लिया था। दोनों को योग वधू की तलाश होना बताया था। दोनों को उसने अपनी फैक्ट्रियां और बड़ा कारोबार होने की बात कहीं। दोनों उसके झांसे में आ गई। इस बीच उसने नर्स से 12 लाख और दूसरी से 3 लाख के साथ एप्पल मोबाइल ले लिया। दोनों को फैक्ट्री में नुकसान होने और फ्लैट खरीदने में रुपयों की आश्यकता होना बताया था। लेकिन उसका भंड़ा उस वक्त फूट गया, जब उसके साथ लिव इन रिलेशन में रहने वाली मुम्बई की रहने वाली महिला ने दोनों के नम्बर उसके मोबाइल में देख लिये। मुम्बई की महिला ने बडऩगर की नर्स से संपर्क किया और उज्जैन की महिला के बारे में भी बताया। नर्स ने मामले की शिकायत बडऩगर थाना पुलिस से की। शिक्षा विभाग में पदस्थ महिला भी बडऩगर पुलिस के पास पहुंच गई। पुलिस ने मामले में लुटेरे दुल्हे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया और अपनी पुलिसिया स्टाईल दिखाकर उसे उज्जैन से हिरासत में ले लिया।
