
मुलताई। नेशनल हाइवे छिंदवाड़ा रोड पर कामथ में स्थित रेलवे ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। जिससे उक्त क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों के घर एवं अपनी जमीन में जाने का मार्ग बंद हो जाने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने कलेक्टर सहित रेल विभाग के अधिकारियों को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौपा है।ग्राम कामथ के ग्रामीण सजल शिवहरे, देवेश,लखन हिंगवे,देवना बाई,बोका बाई,फुंदन बाई,किसन प्रजापति रतन,रूसी बाई,अंजली बाई,चंपा बाई पवार द्वारा सौपे ज्ञापन में बताया छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे पर कामथ के पास रेलवे विभाग द्वारा ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। जिसके किनारे हम लोगों का घर प्लाट एवं भूमि है। हमारे मकान प्लाट एवं भूमि के किनारे ब्रिज की ऊंचाई बहुत ज्यादा उठ रही है जिसके कारण हमारे मकान प्लाट एवं भूमि पर जाने वाला मार्ग बहुत गहराई में हो गया है। जिससे हमारी आवजाही पूर्णतः बंद हो गई है। ग्रामीणों ने पहुंच मार्ग को पुल से रैंप बनाकर नेशनल हाइवे से जोड़े जाने या पुल के साइड से रेल्वे द्वारा भूमि अधिग्रहण करके रोड बनाकर नेशनल हाइवे से हमारे पहुंच मार्ग को जोड़े जाने या पुल में अंडर ब्रिज बनाकर नेशनल हाइवे से हमारे पहुंच मार्ग को जोड़े जाने की मांग की है।
