इंदौर: आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एयरपोर्ट के सामने केंद्रीय विद्यालय के पास एक खाली मैदान से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई. पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कचरे के नीचे शराब की पेटियां छिपाकर अवैध कारोबार कर रहे थे.एरोड्रम पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एयरपोर्ट के सामने स्थित मैदान में कुछ लोग अवैध रूप से शराब का भंडारण कर रहे हैं.
इस पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी. पुलिस को पेड़ के नीचे कचरे से ढकी हुई सात पेटियां शराब मिलीं. जब पेटियों को खोला गया तो प्रत्येक पेटी में 50 क्वार्टर सीलबंद देशी प्लेन शराब के भरे हुए थे, यानी कुल 350 क्वार्टर शराब बरामद की गई. मामले में पुलिस ने 31 वर्षीय संतोष बैरागी निवासी पंचशील, और 29 वर्षीय ध्रुव शर्मा निवासी सेक्टर डी, स्लाइस 4, विजयनगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह शराब कहां से आई और इसे कहां सप्लाई किया जाना था.
