जबलपुर: आने वाले दिन कानून व्यवस्था की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण हैं, संस्कारधानी में दुर्गा उत्सव पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। सप्तमी, अष्टमी एवं नवमीं को शाम से ही श्रृद्धालु शहर में जगह जगह सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित दुर्गा जी की प्रतिमाओं के दर्शन करने निकलते हैं जिसकोे लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। अलर्ट मोड पर होकर ड्यूटी करें।
यह बातें पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शनिवार को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में समस्त राजपत्रित एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि छोटी सी घटना की जानकारी भी लगती है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्यवाही करें, हमारी कार्यवाही निष्पक्ष होना चाहिये, हमारा प्रमुख उद्देश्य शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखना है, इसमे किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं होना चाहिये।
