टोक्यो, 13 सितंबर (वार्ता) यूनाइटेड एयरलाइंस के एक विमान के कार्गो रूम में आग लगने की चेतावनी के कारण पश्चिमी जापान के कंसाई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान के सुरक्षित लैंडिंग के बाद हवाई अड्डे के रनवे शनिवार तड़के फिर से पूरी तरह से खोल दिए गये।
टोक्यो के निकट नारिता अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से फिलीपींस के सेबू के लिए उड़ान भरने वाले यूनाइटेड एयरलाइंस के विमान 32 ने शुक्रवार शाम स्थानीय समयानुसार लगभग 7:10 बजे ओसाका प्रान्त के हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की। अग्निशमन विभाग के अनुसार, सभी 142 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को आपातकालीन स्लाइड के माध्यम से बाहर निकाला गया, जबकि पांच को मामूली चोटें आईं।
सार्वजनिक प्रसारक एनएचके ने परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 6:30 बजे प्रशांत महासागर के ऊपर उड़ान भरते समय कॉकपिट को कार्गो कम्पार्टमेंट में आग लगने की चेतावनी मिली। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रारंभिक निरीक्षण में आग लगने के कोई संकेत नहीं मिले।
बोइंग 737 विमान की आपातकालीन लैंडिंग के बाद हवाई अड्डे ने अपने दो रनवे बंद कर दिए।
जापान के भूमि, अवसंरचना, परिवहन और पर्यटन मंत्रालय ने इस मामले को एक गंभीर घटना माना है। जापान परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने मामले की जांच के लिए दो अधिकारियों को नियुक्त किया है।
