
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
नव भारत न्यूज
इंदौर. चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के बाद रविवार रात महू में जैसे ही कुछ लोग जश्न मनाते हुए बाहर निकले, उन पर कुछ लोगों ने पथराव दिया था, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में बवाल, पथराव-आगजनी की घटना घटित हो गई थी. सोमवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जहां 17 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किए वहीं 13 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
ग्रामीण एडिशनल एसपी रुपेश कुमार दिवेदी ने बताया कि भारत की चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के बाद रविवार रात महू में निकाले गए जुलूस के दौरान विवाद हो गया, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया था. पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 17 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है. पुलिस-प्रशासन होली और रमजान के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरत रहा है,जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो. वहीं मामले में महू विधायक उषा ठाकुर ने नव भारत को बताया कि इस प्रकार की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. मामले में मैने मुख्यमंत्री से बात कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. महु पुलिस और प्रशासन किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पूरी तरह से सक्षम है.
सोमवार को रोज की तरह सुबह बाजार खुले रहे, सुबह भी डीआईजी,कलेक्टर, ग्रामीण एसपी के साथ ही पुलिस की टीम ने पूरे क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. सोमवार सुबह से देर रात तक स्थिति पूरी तरह से सामान्य है .
रातभर महू में ही डटी रहीं विधायक उषा ठाकुर…
घटना के बाद से पुलिस-प्रशासन ने तुरंत सख्ती दिखाते हुए मोर्चा संभाल ही लिया था, वहीं विधायक सुश्री उषा ठाकुर भी घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत महू पहुंचीं. वे रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे रहीं. इस दौन उन्होंने मीडिया से कहा कि पथराव और आगजनी करने वालों की खैर नहीं है. वीडियो के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों की पहचान कर ठोस कार्रवाई की जाएगी. सुश्री ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रदोह की ताकतों को पनपने नहीं दिया जाएगा और हमारी सरकारी इन देशद्रोहियों से निपटने के लिए सक्षम है.
