गेहूं का उचित मूल्य नहीं मिलने से नाराज किसानों ने किया हाईवे जाम

2 घंटे तक इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे पर किया प्रदर्शन, परेशान हुए वाहन चालक और यात्री

 

सुसनेर, 10 मार्च. गेहूं की फसल का उचित मूल्य न मिलने से नाराज किसानों ने सोमवार को सुसनेर में चक्का जाम कर दिया. किसानों ने इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे पर कृषि उपज मंडी के सामने करीब 2 घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई.

किसानों का कहना था कि उन्हें कृषि उपज मंडी में फसलों की नीलामी के दौरान गेहूं का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं. यहां किसानों ने अपने ट्रैक्टर व अन्य वाहनों को सडक़ पर खड़ा करके मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया था. करीब दो घंटे तक चले चक्काजाम के कारण हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम भी लग गया. यहां विरोध कर रहे किसानों ने सडक़ एवं ट्रैक्टर वाहनो पर खड़े होकर जय जवान-जय किसान के नारे लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया.

एम्बुलेंस को दिया रास्ता…

प्रदर्शन कर रहे किसानों की खास बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जब-जब भी एम्बुलेंस का गुजरना हुआ, तो प्रदर्शनकारी किसानों ने एम्बुलेंस को रास्ता दे दिया. इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के साथ ही लोडिंग वाहन तथा यात्री बसों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा.

 

प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम सर्वेश यादव, एसडीओपी देवनारायण यादव, तहसीलदार विजय सेनानी, नायब तहसीलदार रामेश्वर दांगी, सुसनेर थाना प्रभारी केसर राजपूत व मंडी प्रशासन मौके पर पहुंचा और किसानों को समझाने का प्रयास किया. प्रशासन की समझाईश के बाद किसानों ने चक्का ाम खत्म कर दिया और मंडी में खरीदी कार्य दोबारा शुरू हो गया है.

 

इनका कहना है

फसलों के मूल्य को लेकर विरोध था. हमने स्थिति को नियंत्रित किया. किसानों को कहा गया है कि फसल की क्वालिटी के हिसाब से खरीदी की जा रही है. किसानों के विरोध के बाद हमने आगर कृषि उपज मंडी में फसलों के मूल्य को लेकर चर्चा की. उसके बाद फिर से फसलों की नीलामी शुरू करवाई गई है. ट्रेफिक जाम खुलवा दिया गया है. यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है.

– सर्वेश यादव, एसडीएम, सुसनेर

Next Post

राजगढ़ निवासी युवक से 7.50 लाख की स्मैक बरामद

Mon Mar 10 , 2025
शुजालपुर,10 मार्च. पुलिस कालापीपल ने राजगढ़ जिला निवासी एक युवक को लाखों रुपए की मादक पदार्थ के साथ पकड़ा. युवक कच्चे रास्ते से बाइक पर स्मैक लेकर आ रहा था. मिली जानकारी अनुसार कालापीपल पुलिस को 9 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति होंडा शाइन मोटर साइकल […]

You May Like