
छतरपुर। बंसिया थाना क्षेत्र के मोती पुरवा गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 30 वर्षीय राजा बाबू केवट ने अपनी पत्नी सियाप्यारी पर हंसिए से हमला कर दिया। गले और शरीर पर कई वार होने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद राजा बाबू ने उसी हंसिए से अपनी गर्दन पर भी वार कर लिया। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार राजा बाबू की शादी करीब 13 साल पहले पन्ना जिले के मुहाना गांव निवासी सियाप्यारी से हुई थी। रविवार को वह पत्नी को मायके से विदा कराकर मोती पुरवा स्थित अपने घर लाया था। रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर राजा बाबू ने घर में रखे हंसिए से सियाप्यारी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद राजा बाबू ने खुद की गर्दन पर भी हंसिए से वार कर लिया। घर से चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां सियाप्यारी मृत पड़ी थी, जबकि राजा बाबू गंभीर रूप से घायल था। परिजन उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
गर्दन में गंभीर चोट के कारण राजा बाबू बोल नहीं पा रहा था। पूछताछ के दौरान उसने कागज पर लिखकर पत्नी के खिलाफ कई आरोप लगाए। उसने दावा किया कि पत्नी उसे धोखा दे रही थी और उसका किसी अन्य व्यक्ति से संबंध था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके तीन बच्चे उसके नहीं हैं। राजा बाबू ने लिखित बयान में पत्नी से खुद की जान को खतरा होने और उसकी ओर से हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका जताई। हालांकि पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर बंसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल हंसिया जब्त किया है। परिजनों और ग्रामीणों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, जबकि विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
