बिना अधिग्रहण खनन पर सासन पावर को बड़ा झटका

सिंगरौली: बिना विधिवत भूमि अधिग्रहण किए निजी भूमि पर खनन करना सासन पावर लिमिटेड को महंगा पड़ गया। कलेक्टर गौरव बैनल की न्यायालय ने उच्च न्यायालय, म.प्र. जबलपुर के निर्देशों के अनुपालन में पारित आदेश में कंपनी को प्रभावित भू-स्वामियों को 60 लाख 80 हजार रुपये प्रतिकर क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश प्रकरण क्रमांक 38/बी-121/2025-26 में पारित किया गया।
प्रकरण के अनुसार ग्राम सहुआर निवासी दिनेन्द्र कुमार द्विवेदी एवं त्रयम्बकेश कुमार ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि ग्राम मुहेर, तहसील सिंगरौली नगर स्थित उनकी स्वामित्वाधीन भूमि खसरा क्रमांक 216/3/5 एवं 216/3/6, कुल रकबा 0.040 हेक्टेयर पर सासन पावर लिमिटेड द्वारा बिना किसी वैधानिक भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के कब्जा कर खनन कार्य किया गया, जिससे उनकी भूमि क्षतिग्रस्त हो गई।
सुनवाई के दौरान उपखण्ड अधिकारी सिंगरौली की जांच रिपोर्ट एवं उपलब्ध राजस्व अभिलेखों के परीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित भूमि राजस्व रिकॉर्ड में आवेदकों के नाम दर्ज है तथा कंपनी द्वारा भूमि का विधिवत अधिग्रहण नहीं किया गया था। इतना ही नहीं भूमि उपयोग के बावजूद प्रभावित भू-स्वामियों को किसी प्रकार का मुआवजा अथवा प्रतिफल भी नहीं दिया गया। उप पंजीयक सिंगरौली की मूल्यांकन रिपोर्ट में 400 वर्गमीटर भूमि का वर्तमान बाजार मूल्य 15 लाख 20 हजार रुपये निर्धारित किया गया।

60 दिन में क्षतिपूर्ति भुगतान करने के निर्देश
जानकारी के अनुसार कलेक्टर न्यायालय ने भूमि अर्जन के प्रचलित सिद्धांतों के आधार पर बाजार मूल्य का चार गुना प्रतिकर निर्धारित करते हुए कुल 60 लाख 80 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति राशि भुगतान करने का आदेश पारित किया। कलेक्टर न्यायालय ने भू-स्वामियों का आवेदन आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए सासन पावर लिमिटेड को निर्देशित किया है कि आदेश की प्रति प्राप्त होने के 60 दिनों के भीतर निर्धारित प्रतिकर राशि संबंधित भू-स्वामियों को भुगतान करना सुनिश्चित करे। यह आदेश बिना अधिग्रहण निजी भूमि के उपयोग से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Next Post

चोरी के 8 सिलेंडर के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

Wed Aug 5 , 2026
सिंगरौली : बरगवां थाना पुलिस ने गैस गोदाम से गैस सिलेंडर चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 भरे हुए गैस सिलेंडर तथा वारदात में प्रयुक्त काले रंग की अल्टो कार वाहन क्रमांक यूपी 64 […]

You May Like