
सिंगरौली। जयंत चौकी क्षेत्र में ओवरटेक करने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां चार युवकों ने मिलकर एक युवक पर प्राणघातक हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी नितीश अग्रहरी उम्र 29 वर्ष निवासी गोल मार्केट जयंत ने आज रविवार को चौकी जयंत में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 12 बजे व्हीव्हीसी ऑफिस के सामने गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए नितीश और उसके साथियों गौरव सिंह, विवेक अग्रहरी अन्य के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से प्राणघातक हमला किया और स्कॉर्पियो वाहन को बैक कर गौरव सिंह चंदेल के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। फरियादी की शिकायत पर चौकी जयंत में जीरो पर अपराध दर्ज कर मामला थाना विन्ध्यनगर में स्थानांतरित किया गया, जहां आरोपियों के खिलाफ धारा 126 (2), 296 (ए) 115 (2), 351(3), 109, 3 (5) बीएनएस कायम कर विवेचना शुरू की गई। जहां थाना प्रभारी विंध्यनगर निरीक्षक अर्चना द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर चारों आरोपी आरोपियों में लवकेश चौबे पिता राजेंद्र प्रसाद चौबे उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम सिंगाही, जितेन सिंह चौहान उम्र 21 वर्ष निवासी नवानगर सब्जी मंडी के पास, अभिष सिंह पिता पंकज कुमार श्रीवास्तव उम्र 30 वर्ष निवासी एनबी 61 अमलोरी कॉलोनी एवं पुनीत सिंह चौहान पिता सर्वेश सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम भरुहा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है । साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन यूपी 50 सीआर 3090 भी जप्त कर लिया गया। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी जयंत उनि अरुण सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
