सिंगरौली : बरगवां थाना पुलिस ने गैस गोदाम से गैस सिलेंडर चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 भरे हुए गैस सिलेंडर तथा वारदात में प्रयुक्त काले रंग की अल्टो कार वाहन क्रमांक यूपी 64 एल 8805 जप्त की है। बरामद गैस सिलेंडरों की कीमत करीब 28 हजार रुपये तथा कार की कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी अनुसार 30 जुलाई को फरियादी विनोद कुमार द्विवेदी निवासी ग्राम पचौर ने बरगवां थाना में तहरीर दर्ज कराई थी कि ग्राम पचौर स्थित एफडी इंडेन गैस गोदाम से 29 जुलाई की रात अज्ञात चोर बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे और गोदाम का ताला तोड़कर 10 भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित की तहरीर पर निरीक्षक अनील पटेल ने अज्ञात आरोपियों पर अपराध धारा 305(ए) एवं 331(4)बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विशेष पुलिस टीम गठित कर विवेचना शुरू की।
पुलिस टीम ने संदिग्धों से पूछतांछ, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर आरोपी दीपक पनिका पिता मेहीलाल पनिका उम्र 20 वर्ष निवासी ओड़गड़ी, मोहित गुप्ता पिता स्व. कपूरचंद्र गुप्ता उम्र 34 वर्ष निवासी बड़ोखर एवं एक 17 वर्षीय विधि विरुद्ध बालक के कब्जे से चोरी के 8 भरे गैस सिलेंडर और वारदात में प्रयुक्त अल्टो कार बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। वहीं किशोर आरोपी के संबंध में विधि अनुसार कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, सउनि वीरेन्द्र त्रिपाठी, प्रआर शिवराज सिंह, आर अरविन्द यादव तथा महेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
