टोल प्लाजा पर विकसित होंगी विश्वस्तरीय सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (वार्ता) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए टोल प्लाजा पर विश्वस्तरीय सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं विकसित करेगा जिसके तहत मौजूदा शौचालयों का नवीनीकरण कर आवश्यकता अनुरूप नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को यहां बताया कि इस पहल के तहत प्रदर्शन आधारित नवीन अनुबंध व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे शौचालयों की स्वच्छता, कार्यक्षमता और दीर्घकालिक रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके। सभी सुविधाएं एक समान, स्वदेशी डिजाइन पर आधारित होंगी जिनमें मजबूत निर्माण के साथ हरित एवं टिकाऊ अवसंरचना को भी शामिल किया जाएगा।

मंत्रालय के अनुसार शौचालयों के संचालन और रखरखाव के लिए प्रौद्योगिकी आधारित प्रणाली अपनाई जाएगी। इसके तहत इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) आधारित लाइव टेलीमेट्री प्रणाली के माध्यम से साफ-सफाई और रखरखाव की वास्तविक समय में निगरानी की जाएगी, जिससे समय पर रखरखाव और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित हो सकें। रखरखाव एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रदर्शन आधारित भुगतान व्यवस्था लागू की जाएगी।

एजेंसियों का मूल्यांकन स्वचालित सेवा स्तर समझौतों (एसएलए), स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले ऑडिट तथा एनएचएआई के ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से यात्रियों से प्राप्त सत्यापित फीडबैक के आधार पर किया जाएगा। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के अनुरूप सभी नई सुविधाओं में दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, आधुनिक स्वच्छता अवसंरचना, बेहतर साफ-सफाई तथा महिला यात्रियों की सुरक्षा और निजता के लिए विशेष प्रावधान भी किए जाएंगे। मंत्रालय ने कहा कि डिजिटल निगरानी और परिणाम आधारित रखरखाव प्रणाली से लैस आधुनिक सार्वजनिक शौचालय सुविधाओं के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा और सार्वजनिक सुविधाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए जाएंगे।

.....

Next Post

अमेरिकी सैनिकों पर कथित हमले के प्रयास के बाद अमेरिका ने ईरान पर किये भारी हवाई हमले

Thu Jul 30 , 2026
वाशिंगटन, 30 जुलाई (वार्ता) अमेरिका ने जॉर्डन में अमेरिकी सैनिकों पर कथित बैलिस्टिक मिसाइल हमले के प्रयास के जवाब में ईरान के खिलाफ व्यापक हवाई हमले किये हैं। अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के अनुसार, इन हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया गया। सेंटकॉम […]

You May Like