
छतरपुर। छतरपुर जिला जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 22 वर्षीय कैदी ने जेल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक पिछले तीन वर्षों से विचाराधीन कैदी के रूप में जिला जेल में बंद था। हाल ही में 24 दिसंबर को छतरपुर जिला न्यायालय ने उसे एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
जानकारी के अनुसार मृतक शंकर प्रजापति, निवासी ग्राम उरदमऊ, थाना गढ़ीमलहरा, के खिलाफ वर्ष 2022 में 12 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में धारा 376 एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बताया जा रहा है कि न्यायालय से सजा मिलने के बाद आरोपी मानसिक रूप से काफी परेशान था। सजा सुनाए जाने के करीब 24 घंटे बाद उसने बीती शाम जिला जेल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल एवं पुलिस अधीक्षक अगम जैन भी आधी रात में जिला जेल पहुंचे और घटना स्थल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा मीडिया को घटना से संबंधित तथ्यात्मक जानकारी दी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
