
बनखेड़ी। स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में शुक्रवार को स्वदेशी संकल्प रथ का भव्य आगमन बनखेड़ी नगर में हुआ। रथ ने नगर के प्रमुख मार्गों से होकर भ्रमण किया और नागरिकों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के प्रति जागरूक किया। इस दौरान “स्वदेशी अपनाओ” के नारों से पूरे नगर का वातावरण देशभक्ति और आत्मनिर्भरता के संदेश से ओतप्रोत हो गया।
रथ यात्रा के समापन पर मुख्य चौराहे पर स्वदेशी सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मंच के कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे। सभा के दौरान उपस्थित नागरिकों ने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए यात्रा संयोजक प्रभारी अरविंद राय (पूर्व जिला सतर्कता सदस्य, भारत सरकार) तथा तुलसीराम रघुवंशी ने स्वदेशी विचारधारा, आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना और देशी उत्पादों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी का अपनाना न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम है, बल्कि यह राष्ट्रीय स्वाभिमान से भी जुड़ा हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर मुख्य चौराहे का नामकरण “अटल बिहारी वाजपेयी चौराहा” किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव पर नगर परिषद अध्यक्ष ने सहमति व्यक्त की, जिसका उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष हरीश मालानी, उपाध्यक्ष राजू पटेल सहित महेश सोनी, मुकेश सराठे, रमेश पटेल, बंटी जैन, हरिकिशन मुकाती, मनोज राय, नगर परिषद के सभी पार्षद तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्वदेशी जागरण मंच की ओर से यात्रा संयोजक रामगोपाल साहू, जिला बौद्धिक प्रमुख प्रदीप वर्मा, तहसील संयोजक महेंद्र रघुवंशी, हेमराज सराठे सहित अनेक कार्यकर्ता कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
