रजत गणेश मंदिर में स्थापित हुई 41 किलो चाँदी के श्री गणेश जी की भव्य प्रतिमा

जबलपुर: गणेशोत्सव के पहले दिन ललपुर रोड, गौरीघाट स्थित प्रसिद्ध सिद्ध गणेश धाम रजत गणेश मंदिर में महागणेशोत्सव के पावन अवसर पर 41 किलोग्राम चाँदी से निर्मित भगवान श्री गणेश जी महाराज की दिव्य प्रतिमा पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्यतापूर्वक स्थापित की गई। विश्वभर में अपनी तरह की इस अनूठी और अद्भुत परंपरा के अंतर्गत 14 सितम्बर से प्रारंभ हुआ यह 10 दिवसीय महाउत्सव आगामी 25 सितम्बर अनंत चतुर्दशी तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

मंदिर के संस्थापक एवं मुख्य पुजारी स्वामी प्रमोद महाराज ने बताया कि विगत 16 वर्षों से चली आ रही इस पावन परंपरा की शुरुआत उनके बाल्यकाल में संतान सप्तमी व्रत के दौरान मिली महती प्रेरणा से हुई थी। वर्ष 2011 में मात्र 5.25 किलो चाँदी से प्रारंभ हुई गणेश जी की यह प्रतिमा भक्तों के अटूट भाव, समर्पण और प्रतिवर्ष अर्पित की जाने वाली चाँदी के सहयोग से आज 51 इंच ऊँची और 41 किलोग्राम वजन की हो चुकी है।

सनातन धर्म में चाँदी से निर्मित प्रतिमा के पूजन का विशेष आध्यात्मिक महत्व माना गया है, जिसके दर्शन और अर्चना मात्र से भक्तों को सुख, समृद्धि, शांति और विघ्नहर्ता के आशीर्वाद की प्राप्ति होती है।गणेश स्थापना के इस पावन अवसर पर पूर्व एडीशनल कलेक्टर आलोक श्रीवास्तव तथा पूर्व डिप्टी एडवोकेट जनरल प्रवीण दुबे मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। और उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भव्य आयोजन भी कराया। इस धार्मिक अनुष्ठान में डॉ. रवि राय, प्रीति चतुर्वेदी, कुमारी श्रेया गुप्ता, डॉ. कल्पना राय और श्रीमती ऋचा नागपाल सहित अनेक स्थानीय सेवादारों व भक्तों ने अपना सक्रिय योगदान दिया।
कुछ इस तरह होंगे आयोजन
10 दिवसीय उत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 05:00 बजे से 07:30 बजे तक षोड़शोपचार विधि से श्री रजत गणेश जी का दुग्धाभिषेक, पंचामृताभिषेक व सहस्त्रार्चन किया जाएगा, जिसके पश्चात अलौकिक श्रृंगार कर श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ति हेतु विशेष अर्जी लगाई जाएगी। प्रतिदिन रात्रि 08:00 बजे भव्य महाआरती के बाद महाप्रसाद वितरण एवं भंडारा आयोजित होगा। इस पूरे महोत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी के शुभ अवसर पर विशेष हवन-पूजन, विशाल भंडारे और संध्या समय भगवान श्री गणेश के जल विहार के साथ संपन्न होगा। धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिए सीसीटीवी एवं स्थानीय पुलिस बल की पुख्ता व्यवस्था की गई है। स्वामी प्रमोद महाराज ने जबलपुर की समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करने का विनम्र आग्रह किया है।

Next Post

विश्वनाथन आनंद और नितिन नारंग ने जावोखिर सिंदारोव को चेस ओलंपियाड की मशाल सौंपी

Tue Sep 15 , 2026
बेंगलुरु, (वार्ता) समरकंद, उज़्बेकिस्तान में होने वाले चेस ओलंपियाड 2026 के लिए आधिकारिक काउंटडाउन की शुरुआत हुई। इस मौके पर फिडे के अंतरिम प्रेसिडेंट विश्वनाथन आनंद और एआईसीएफ के प्रेसिडेंट नितिन नारंग ने ओलंपियाड की मशाल वाली सेरेमोनियल टॉर्च, कैंडिडेट्स 2026 के विजेता और उज़्बेकिस्तान के टॉप खिलाड़ी जावोखिर सिंदारोव […]

You May Like