
ग्वालियर। केबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा जनता को भिखारी कहे जाने के विरोध में कांग्रेस द्वारा छह से 15 मार्च तक जिला एवं ब्लाक स्तर पर मंत्री पटेल के पुतले जलाये जायेंगे।
उक्त जानकारी आज बुधवार को पत्रकारों को देते हुये प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता रवि सक्सैना ने प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री द्वारा जनता को भिखारी कहे जाने पर सवाल उठाते हुये भाजपा मुखिया और मंत्रियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 20 वर्षो में प्रदेश को बदहाली, असुरक्षा और अपमान के गर्त में धकेल दिया है। अब यह हालात हो गये है कि जनता को भगवान बताकर वोट बटोरने वाली भाजपा अब महिलाओं, बुजुर्गो, किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों को भिखारी बता रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर वर्ग को उनका हक नहीं मिल रहा हैै। सरकार बुजुर्गो और दिव्यांगजनों के अधिकारों को भीख कहकर उनका अपमान कर रही है।
पत्रकार वार्ता में शहर जिलाध्यक्ष डा. देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जोहरे, प्रदेश प्रवक्ता राम पांडे, आदि मौजूद थे।