नयी दिल्ली, 05 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड विधान सभा में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी के ओ.बी.सी. मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. के. लक्ष्मण को केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने बुधवार को यहां एक विज्ञप्ति में बताया कि पार्टी के संसदीय बोर्ड ने झारखंड विधान सभा में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु श्री यादव और डॉ. लक्ष्मण को केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
गत वर्ष नवंबर-दिसंबर में झारखंड विधानसभा चुनाव हुए थे। इसमें भाजपा 21 सीटें जीती थी। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 34 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी और उसने सरकार बनाई थी। विपक्षी दलों में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली भाजपा अब तक विधायक दल का नेता नहीं चुन पायी है। इसलिए झारखंड को नेता प्रतिपक्ष नहीं मिल पाया है। नेता प्रतिपक्ष के नहीं होने से कई संवैधानिक दायित्व पूरे नहीं हो पा रहे हैं। इसे लेकर सत्तारूढ़ इंडी गठबंधन भाजपा की खिल्ली उड़ा रहा है।
