
नवभारत न्यूज
सागर 28 फरवरी. ई.ओ.डब्ल्यू. टीम ने मालथौन एसडीएम कार्यालय के सहायक रीडर को पचास हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है. जो कि लंबित नामांतरण और अवैध कब्जा हटाने संबंधी प्रकरण के निराकरण के लिए रिश्वत मांग रहा था. एसपी डी के यादव ने बताया कि आवेदक महेन्द्र कुमार पिता बालकृष्ण श्रीवास्तव ने एसडीएम कार्यालय मालथौन में पदस्थ सहायक रीडर वेदनारायण यादव द्वारा एसडीएम कार्यालय में लंबित नामांतरण और अवैध कब्जा हटाने संबंधी प्रकरणों के निराकरण के लिए पचास हजार की रिश्वत मांगे जाने के संबंध में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था. आवेदन का सत्यापन करने पर 50,000 रूपये रिश्वत की मांग करने की पुष्टि होने पर आरोपी सहायक रीडर के विरुद्ध भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत ईओडब्ल्यू में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है. आवेदक की सूचना पर ई.ओ.डब्ल्यू. सागर की टीम द्वारा आरोपी सहायक रीडर वेदनारायण को आवेदक से रिश्वत के 50,000 रूपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. आरोपी सहायक रीडर के हाथ केमिकल से धुलवाने पर गुलाबी रंग के हो गए.
आवेदक महेंद्र श्रीवास्तव की ग्राम झोलसी में कृषि भूमि है. उक्त कृषि भूमि से संबंधित नामांतरण एवं अवैध कब्जा हटाने संबंध में प्रकरण एसडीएम कार्यालय मालथौन में लगभग एक वर्ष से लंबित है.
