
जावद। शासकीय महात्मा गांधी कॉलेज में बरखेड़ा कामलिया पंचायत उपचुनाव की मतगणना हुई। इसमें सोनू नागदा विजयी घोषित किए गए। कुल 1807 मतों में से सोनू नागदा को 811 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी देवीलाल धाकड़ को 696 वोट प्राप्त हुए। तीसरे प्रत्याशी राधाकिशन अहीर को 278 वोट मिले। इस चुनाव में 22 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार मयूरी जोक ने विजेता प्रत्याशी को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। मतगणना केंद्र से बाहर निकलने पर समर्थकों ने फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ विजेता का स्वागत किया।
यह उपचुनाव पूर्व सरपंच नरेश पाटीदार को पद से हटाए जाने के बाद कराया गया। पाटीदार को नवंबर 2024 में पंचायत के मोरका गांव में शासकीय जमीन की अनियमितता के मामले में पद से हटाया गया था। 9 दिसंबर 2024 को हुए मतदान के बाद नरेश पाटीदार की याचिका पर हाईकोर्ट ने मतगणना पर रोक लगा दी थी। बाद में कोर्ट ने मतगणना की अनुमति दी, जिसके बाद आज परिणाम घोषित किए गए।
