नयी दिल्ली 14 फरवरी (वार्ता) देश की प्रमुख शिप बिल्डिंग कंपनी स्वान डिफेंस एंड हैवी इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एसडीएचआई) ने भारतीय तटरक्षक जहाज सजग के रिफिट को निर्धारित समय से पहले सफलतापूर्वक पूरा किया है।
कंपनी के अनुसार उसने भारतीय तटरक्षक बल के तेज गश्ती पोत, राज रतन के रिफिट के बाद लगातार दूसरी परियोजना को समय से पहले पूरा किया है। इस सफलता ने जटिल जहाज मरम्मत कार्यों को दक्षता और सटीकता के साथ पूरा करने में एसडीएचआई की विशेषज्ञता को और मजबूत किया है। तटरक्षक बल के जहाज की ड्राई डॉकिंग और रिफिट शिपयार्ड के पुनरुद्धार में मील का पत्थर है।
एसडीएचआई निदेशक, विवेक मर्चेंट ने इस अवसर पर कहा, “ जटिल ओवरहाल को अंजाम देने में हमारी विशेषज्ञता हमें भारत की जहाज निर्माण महत्वाकांक्षाओं में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में स्थान देती है। आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता पर रणनीतिक ध्यान देने के साथ, हम जहाज की मरम्मत से परे अपनी क्षमताओं का विस्तार करने और समुद्री क्षेत्र के भविष्य को आकार देने के लिए जल्द ही पूर्ण पैमाने पर जहाज निर्माण कार्यों को फिर से शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
