नयी दिल्ली, 21 सितंबर (वार्ता) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजय शंकर मीणा ने सोमवार को ‘कैंपस बचाओ यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की। श्री मीणा ने बताया कि ‘कैपस बचाओ यात्रा’ मंगलवार से शुरू होगी और इसके जरिए छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रशासन तथा दिल्ली सरकार के सामने उठाया जाएगा। आर्ट फैकल्टी, नॉर्थ कैंपस में संवाददाताओं से बातचीत में श्री मीणा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से 10,000 छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने की घोषणा का उल्लेख करते हुए सरकार से ठोस कार्ययोजना और समयसीमा जारी करने की मांग की।
उन्होंने सवाल किया कि हॉस्टल कहां बनाए जाएंगे, निर्माण कब शुरू होगा और छात्रों को सुविधा कब तक मिलेगी। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से काम नहीं चलेगा। कार्ययोजना नहीं आने पर छात्रों के साथ मुख्यमंत्री आवास के शांतिपूर्ण घेराव की चेतावनी दी। उन्होंने मेट्रो में रियायत पास, पांच दिवसीय अकादमिक शेड्यूल, 24×7 लाइब्रेरी, सब्सिडाइज्ड कैंटीन, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और करियर सपोर्ट जैसे मुद्दे भी उठाए।

