नरसिंहपुर: नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया जहां एक यात्री चलती ट्रेन के साथ करीब 60 मीटर तक घिसटता चला गया। इस घटना में यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, नासिक निवासी 37 वर्षीय संजीव तिवारी अपनी मां और रिश्तेदारों के साथ गोरखपुर वीकली एक्सप्रेस से गोरखपुर जा रहे थे। ट्रेन जब नरसिंहपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर रुकी, तो वे बी-6 कोच से पानी भरने के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान ट्रेन ने चलना शुरू कर दिया। ट्रेन छूटती देख संजीव तिवारी ने दौड़कर कोच का हैंडल पकड़ लिया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वे चढ़ नहीं सके और प्लेटफार्म पर घिसटते हुए आगे बढ़ते चले गए। इस दौरान वे करीब 60 मीटर तक घिसटते रहे और फिर हाथ छूटने पर प्लेटफार्म पर गिर गए।
जारी है इलाज
घटना के समय प्लेटफार्म पर मौजूद कई लोगों ने यह मंजर देखा, लेकिन किसी ने भी आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन रोकने की कोशिश नहीं की। घायल संजीव ने भी इस बात पर नाराजगी जताई कि इतने लोगों के बीच होने के बावजूद उन्हें समय पर मदद नहीं मिल सकी। घटना के तुरंत बाद आरपीएफ के आरक्षक हीरालाल लोधी ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, संजीव को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
