ढाका, (वार्ता) बंगलादेश में पिछले 24 घंटों में खसरे से छह और बच्चों की मौत हो गयी, जिससे पिछले छह महीने में देश में इस बीमारी के प्रकोप से मरने वालों की कुल संख्या 1,063 हो गयी है।
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएएचएस)) ने बताया कि 24 घंटे की अवधि के दौरान खसरे के लक्षणों या संदिग्ध खसरे वाले 1,221 नये मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही खसरे की पुष्टि वाले 84 मरीजों को भी भर्ती किया गया।
पिछले 24 घंटों में ढाका और सिलहट डिवीजन में दो-दो बच्चों की मौत हुई, जबकि चट्टोग्राम और बारिशाल डिवीजन में एक-एक बच्चे की मौत हुई।
सरकार 26 सितंबर को खसरे के टीकाकरण का एक विशेष अभियान शुरू करेगी ताकि उन बच्चों को कवर किया जा सके जिनकी पिछली खुराक छूट गयी थी या जो हाल ही में टीकाकरण की न्यूनतम उम्र यानी छह महीने के हो गये हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने बताया कि यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस कार्यक्रम के तहत, छह महीने से पांच साल से कम उम्र के उन बच्चों की पहचान की जायेगी और उन्हें टीका लगाया जायेगा जिन्हें टीका नहीं लगा है या जो चल रहे खसरा-रूबेला अभियान के दौरान छूट गये थे।
