
इंदौर। पुलिस थाना हीरानगर ने ए.यू. बैंक के पूर्व कर्मचारी और लोन रिकवरी एजेंट पर जानलेवा हमला करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पीड़ित को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है।
हीरानगर पुलिस ने बताया कि फरियादी आदर्श पिता ललित सोनी (24), निवासी कल्पना नगर, इंदौर ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले वह ए.यू. फाइनेंस लिमिटेड में लोन रिकवरी एजेंट था। इस दौरान उसने आरोपी हिमांशु शर्मा उर्फ लालू के घर नंदा नगर में किस्त लेने के लिए संपर्क किया था, जिससे हिमांशु नाराज था और बदले की भावना रखता था। 6 फरवरी 2025 को जब आदर्श अपनी एक्टिवा से स्कीम नंबर 113 स्थित एक होटल पर खाना लेने गया, तो वहां हिमांशु शर्मा और सुनील मेढ़ा मोटरसाइकिल से पहुंचे। दोनों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने आदर्श के साथ मारपीट की और सुनील मेढ़ा ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। आदर्श ने बचने की कोशिश की, लेकिन चाकू उसकी जांघ और पिंडली में लग गया, जिससे वह घायल हो गया।
तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से गिरफ्तारी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया। 12 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी सुपर कॉरिडोर रोड के पास संदिग्ध हालत में खड़े हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। टीम ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपी सुनील मेढ़ा पहले से ही इंदौर के विभिन्न थानों में आधा दर्जन आपराधिक मामलों में लिप्त है। पुलिस आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त वाहन के बारे में भी पूछताछ कर रही है। सुनील पिता धन्नालाल मेढ़ा (27), निवासी परदेशीपुरा पुलिस लाइन, इंदौर हिमांशु उर्फ लालू पिता राजेश शर्मा (25), निवासी नंदा नगर, इंदौर
