सतना:चन्द्रग्रहण की वजह से होली दहन को लेकर समूचे जिले में उहापोह की स्थिति रही. कुछ ने सोमवार की रात एक बजे के बाद होली दहन किया तो कई जगहों पर मंगलवार की रात जलाई गई.पूर्णमासी के अवसर पर खग राशि चन्द्रग्रहण की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद होली दहन के मर्हूत को लेकर लोगों में तरह तरह की भ्रांतिया देखने में आई. शहर के कुछ स्थानों में रात एक बजे के बाद होली दहन की जानकारी सामने आई इसके बाद मंगलवार को भी जिले व शहर के कुछ हिस्सों में होली जलाए जाने की सूचना प्राप्त हुई. कमोवेश यही स्थिति रंग खेलने को लेकर रही.
सुबह से ग्रहण का सूदक लग जाने के कारण सनातनी परम्परा के अनुसार रंग खेलना अनुचित माना जाता है इसके तहत कई घरों में रंग व अबीर का प्रयोग मंगलवार को लोगों ने नहीं किया. हालांकि शहर के कुछ हिस्सों में उत्साह युवाओं व बच्चों को होली खेलते देखा गया. संघ परिवार ने भी सूदक के बावजूद होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय अस्पताल चौराहा स्थिति दुर्गा मंदिर के समीप किया. इस दौरान जिले व शहर के पदाधिकारी एवं स्वयं सेवक डीजे की धुन पर थिरके और एक दूसरे के रंग गुलाल लगाया. शहर के ज्यादातर हिस्सों में धुरेड़ी का पर्व बुधवार को मनाये जाने की संभावना है. पुलिस ने भी इसी के मद्देनजर अपनी व्यवस्था को चाकचौबंद बनाया है. देरशाम शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के जांच की व्यवस्था की गई है. नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई के वजाय सलाह देकर छोड़ दिया गया है.
आधे घंटे ज्यादा पानी सप्लाई
होली के मद्देनजर नगर निगम ने 4 मार्च को पानी की निर्वाध आपूर्ति के निर्देश दिये हैं. जिन क्षेत्रों में पानी सप्लाई की व्यवस्था नहीं बन पाएगी उन क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं. जल प्रदाय शाखा के अनुसार व्यंकट क्र. 2 एरिया में सुबह साढ़े पांच बजे, पतेरी में सात बजे, टिकुरिया टोला में साढ़े सात बजे, बायपास में 6 बजे, उतैली में 6 बजे हनुमान नगर बस्ती में 5 बजे जवाहरनगर में 6.30 बजे, धवारी में सात तीस बजे, झंनकार टाकीज एरिया में पानी की सप्लाई दी जाएगी. इस प्रकार पानी की सप्लाई शाम को महदेवा में साढ़े 4 बजे, राजेन्द्र नगर 6.30 बजे, नजीराबाद में 6 बजे संतोषी माता मंदिर एरिया में साढ़े 5 बजे पानी की आपूर्ति की जाएगी.
