इंदौर: नगर निगम का पिछले एक माह से ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान का आज समापन हो गया. उक्त अभियान में इंदौर ने सेमीग्रेशन वाली सेल्फी में विश्व रिकॉर्ड बनाया. साथ ही समापन के मौके पर महापौर ने एसएबीबी वॉकेथॉन में भाग लिया और महिला सफाई मित्र एवं एनजीओ का सम्मान किया.नगर निगम स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि 1 से 31 जुलाई तक शहर में सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान चलाया जा रहा था.
एक माह तक चले उक्त अभियान का आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव मौजूदगी में रीजनल पार्क में एसएबीबी वॉकेथॉन के साथ समापन हुआ. इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रीजनल पार्क से एसएबीबी वॉकेथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. वॉकेथॉन रीजनल पार्क से शुरू होकर चोइथराम मंडी चौराहा से पुनः रीजनल पार्क पर समाप्त हुई. कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य राजेश उदावत,मनीष शर्मा, पार्षद मलखान सिंह कटारिया, कंचन गिदवानी, अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, 800 से ज्यादा नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
सेग्रीगेशन सेल्फी के विश्व रिकॉर्ड की घोषणा
समारोह के दौरान ‘सेग्रीगेशन वाली सेल्फी’ अभियान में बनाए गए विश्व रिकॉर्ड की आधिकारिक घोषणा की गई. वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन की ओर से राजीव श्रीवास्तव एवं राजेश शुक्ला ने घोषणा करते हुए महापौर को विश्व रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र दिया.
इंदौर की ताकत उसके जागरूक नागरिक हैंः महापौर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हम देश और विदेश के विभिन्न शहरों में जाते हैं तो लोग उनसे पूछते हैं कि इंदौर लगातार स्वच्छता में नंबर-1 कैसे बना रहता है. इसका उत्तर दो बातों में छिपा है- पहला, इंदौर के जागरूक नागरिक और सफाई मित्र, तथा दूसरा ‘सोर्स पर सेग्रीगेशन’, अर्थात घर से ही कचरे का पृथक्करण. उन्होंने कहा कि पूर्व में ‘सेल्फी विद टॉयलेट’ अभियान के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था और इस बार ‘सेग्रीगेशन वाली सेल्फी’ के द्वारा नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है.
