जबलपुर: यातायात विभाग द्वारा पिछले दिनों अलग-अलग रूट पर घूमने वाले ई- रिक्शा चालकों के ऊपर से शिकंजा कसते हुए कार्रवाई की थी। परंतु एक दिन की कार्रवाई के बाद दोबारा से ई- रिक्शा की धमाचौकड़ी मचने लगी है। ये ई- रिक्शा चालक तय रूट के अलावा अन्य रूटों में पहुंचकर ई-रिक्शा चला रहे हैं, जिसके कारण बाजारों के अंदर इनकी संख्या अधिक देखने को मिल रही है। साथ ही इनकी धमाचौकड़ी और सभी रूटों के ई- रिक्शा का एक ही जगह पर चालन होने के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति भी निर्मित हो रही है।
मालवीय चौक रूट पर सभी ई- रिक्शा
उल्लेखनीय है कि यातायात विभाग एवं क्षेत्रीय परिवहन द्वारा इन ई- रिक्शा की धमाचौकड़ी को कम करने के लिए तीनों यातायात क्षेत्र के अंतर्गत उनके रूट निर्धारित किए थे। परंतु सबसे ज्यादा ई- रिक्शा का चालन मालवीय चौक के रूट पर देखने को मिल रहा है। जिसमें मालवीय चौक के रूट पर मालवीय चौक के अलावा गढ़ा एवं घमापुर के ई- रिक्शा चालक भी घूमते हुए नजर आ रहे हैं।
कई ई- रिक्शा के नहीं तय हुए रूट
तीनों यातायात के रूट तय होने के बावजूद भी शहर के कई ई- रिक्शा ऐसे हैं, जिनके रूट निर्धारित नहीं हुए हैं जो कि बिना निर्धारित रूट के पूरे शहर में घूम रहे हैं। जिन पर भी कुछ दिनों पूर्व कार्यवाही करते हुए जुर्माना वसूला गया था। उसके बावजूद भी इन पर लगाम नहीं लग रही है और उनके रूट भी तय नहीं हो रहे हैं। जिसके चलते यह रूट प्रणाली भी रिक्शा की धमाचौकड़ी को कम करने में फेल होती हुई नजर आ रही है।
