रीवा: स्वास्थ्य विभाग के सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी जिलों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दें, किसी भी स्थिति में गर्भवती महिलाओं की जान को खतरे में डालते हुए घर में प्रसव न कराया जाए, प्रसव हर हाल में अस्पताल में हो. स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी लगातार फील्ड में भ्रमण करें. उक्त निर्देश रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ऊर्जा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, जल संसाधन विभाग, पीएचई, जल निगम विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग की बैठक में दिए.
कमिश्नर ने एएनसी रजिस्ट्रेशन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिए कि किसी भी जिले में एएनसी रजिस्ट्रेशन 95 प्रतिशत से कम नहीं होना चाहिए. इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारियों को सभी गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर उनकी प्रथम माह से 9 माह तक नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए.
गर्भवती महिला यदि एनिमिक है या सीवियर एनिमिक है तो तत्काल उन्हें उच्च स्तर की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए. कमिश्नर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों में कुपोषण दूर करना स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, कमिश्नर ने रीवा जिले में स्वास्थ्य के हर पैरामीटर पर किए गए गुणवत्ताविहीन कार्य पर सख्त नाराज़गी व्यक्त की और कहा कि ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर यदि कर्मचारी कार्य ठीक से नहीं करेंगे तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कारवाई की जाएगी.
कमिश्नर ने स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूली बच्चों के शैक्षणिक एवं मानसिक स्तर में व्यापक सुधार करें, कक्षा आठवीं तक के बच्चों को लिखना, पढऩा, जोड़, घटाना और गिनती अनिवार्य रूप से आनी चाहिए. कमिश्नर ने आगामी 15 दिवस में पाठ्य पुस्तक एवं साइकिल वितरण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि सभी बच्चों की अपार आईडी प्राथमिकता से बनाई जाए.
मजरे-टोलों में शत प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य समय सीमा में पूरा करें ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए की ऊर्जा विभाग के अधिकारी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने धरती आबा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्युत से संबंधित सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि जहां ट्रांसफार्मर खराब हो चुके हैं उन्हें प्राथमिकता से सुधारा जाए और जहां जहां ट्रांसफार्मर की मांग है वहां पर प्राथमिकता से ट्रांसफार्मर स्थापित किये जाएं.
कमिश्नर ने शहरी क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं स्मार्ट मीटर के कार्य की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिए की मजरों-टोलों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य समय सीमा में पूरा कर लिया जाए. जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने गंगा कछार अंतर्गत निर्माणाधीन योजनाओ की जानकारी ली और निर्देश दिए कि रबी सीजन में खेतों को पानी मिले. इसके लिए अभी से कार्य योजना बना ली जाए. नर्मदा घाटी विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने नागौद-सतना शाखा नहर, भू अर्जन में कार्यवाही और रीवा शाखा नहर की अदयतन स्थिति की समीक्षा की. जल निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह घरों में सप्लाई होने वाली पेयजल की गुणवत्ता का स्तर मेंटेन करें और बीच-बीच में गुणवत्ता चेक करते रहे. समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे
