राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कृषि रथ को दिखाई हरी झंडी
सतना :मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित करने के उपलक्ष्य में रविवार को सतना जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने मुख्य अतिथि के रूप में कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों, विकासखंडों और किसान समुदायों तक पहुंचकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता सिंह, सीईओ जिला पंचायत एवं प्रभारी नगर निगम आयुक्त शैलेंद्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर सुभाष मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय कृषकगण उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि को आधुनिक, तकनीकी एवं लाभकारी बनाने के लिए वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का मुख्य फोकस उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण पर रहेगा। कृषि रथ समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश की थीम के साथ किसानों तक नई तकनीक, बेहतर बीज-खाद, बाजार जुड़ाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि हर किसान आत्मनिर्भर बने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
सतना जिले में कृषक कल्याण वर्ष के तहत किसान चौपाल, प्रशिक्षण शिविर, प्रदर्शनियां और योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राज्य स्तरीय शुभारंभ भोपाल में मुख्यमंत्री द्वारा किया जा रहा है, जबकि जिला स्तर पर यह पहल किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने का माध्यम बनेगी। स्थानीय किसानों ने इस पहल का जोरदार स्वागत किया और कहा कि ऐसी गतिविधियां उन्हें नई तकनीक अपनाने और बेहतर आय के लिए प्रेरित करती है। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के सफल संचालन के लिए सतना जिला प्रशासन, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभाग पूरी तत्परता से कार्यरत हैं।
