जबलपुर: पाटन में सोमवार को हुए नरसंहार के बाद पुलिस ने नौ आरोपियों को धरदबोचा। पुलिस ने आरोपियों को पंचमढी से गिरफ्तार किया जब पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर आ रही थी तभी चार आरोपियों लाली, मनोज, पप्पू अन्य ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की इस दौरान गिरने से चार घायल हो गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को धरदबोचा जिसके बाद उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
विदित हो कि टिमरी गांव में सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। गुस्साएं परिजनों ने चार घंटे के बाद चक्काजाम किया था। खूनी संघर्ष साहू-दुबे-पाठक समाज के परिजनों के बीच बीते चार सालों से चल रहे जमीनी विवाद, जुआ खेलने समेत दबंगाई और पूर्व में हुए एक अग्निकांड को लेकर चली आ रही रंजिश पर हुआ था। साहू पक्ष हथियारों से लैस होकर पहुंचा था जबकि दूसरा पक्ष निहत्था था। जिन पर बका, तलवार, कुल्हाडी डंडों से ताबड़तोड़ वार किया गया था।
जिसमें सतीश पाठक उर्फ कुंजन 40 वर्ष, मनीष पाठक उर्फ चंदन 34 वर्ष, समीर दुबे 20 वर्ष एवं अनिकेत दुबे 26 वर्ष सभी निवासी टिमरी की हत्या कर दी गई थी जबकि विपिन और मुकेश दुबे को चोटें आ गई थी। पुलिस ने नरसंहार कांड में पुलिस ने पप्पू उर्फ नारायण साहू, चंदू उर्फ चंद्रभान साहू, दिनेश उर्फ दिन्नू साहू, मनोज साहू, सर्वेश साहू, विवेक साहू, अमित साहू, प्रदीप साहू, संदीप नामदेव उर्फ लाली उर्फ लुलिया सभी निवासी टिमरी को गिरफ्तार कर लिया है।
