जबलपुर: देहदान महादान को सार्थक करते हुए संत रामपाल महाराज के अनुयायी शाहीनाका रामनगर गढ़ा निवासी 74 वर्षीय डेलन प्रसाद चौधरी ने मिसाल कायम की है। शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के एनोटॉमी विभाग में उनके परिजनों की मौजूदगी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर का सम्मान दिया गया जिस दौरान परिजनों की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार गत दिवस डेलन चौधरी की नैचुरल मौत हो गई थी जिसके बाद उनके परिजनों की सहमति से मेडिकल में देहदान की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस संबंध में मृतक के बेटे प्यारे लाल चौधरी, पत्नि धम्मो चौधरी ने बताया कि संत रामपाल महाराज के अनुयायी डेलन चौधरी की अंतिम इच्छा थी कि उनकी मौत के बाद उनकी देह मेडिकल अस्पताल में दान की जाए।
जिससे मेडिकल विद्यार्थियों के अध्ययन और अनुसंधान कार्यों में ये काम उपयोगी साबित हो सके। गार्ड ऑफ ऑनर देते समय मेडिकल के एनाटॉमी विभाग के नेाडल अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुशवाहा व मृतक के परिवार के लोग मौजूद रहे। एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. एन. एल अग्रवाल और डॉ. राजेंद्र कुशवाहा ने परिवार के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि देहदान चिकित्सा विज्ञान के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे नए चिकित्सकों को बेहतर प्रशिक्षण मिलता है।
