
बस में फंंसे पिता पुत्र को रेस्क्यू कर निकाला, उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गणेशपुरा जोड़ पर हुआ हादसा
सुसनेर, 19 जनवरी. रविवार की सुबह साढ़े 6 बजे के लगभग उज्जैन झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग 552 जी पर स्थित 7 वां मील के समीप गणेशपुरा जोड़ पर सडक़ हादसा हो गया. इस दुर्घटना में खाटूश्यामजी से इंदौर जा रही स्लीपर कोच बस क्रमांक आरजे 06 पीबी 3577 में सवार 17 लोग घायल हो गए. जिनको जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व 108 एंबुलेंस, 100 डायल एवं पुलिस प्रशासन की मदद से पुराना बस स्टैंड स्थित शासकीय सिविल अस्पताल सुसनेर में लाया गया. यहा पर सभी घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया और 2 गंभीर घायलों को इन्दोर रैफर किया गया है. इस दुर्घटना के दौरान डेढ साल का बच्चा और उसके पिता बस में फंस गए थे. जिनको रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया. जानकारी के अनुसार अज्ञात वाहन से टकरा कर के उक्त सिलिपर कोच बस अनियंत्रित होकर के पलटी खा गई और यह हादसा हो गया.
इस घटना की जानकारी सबसे पहले जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजपाल सिंह कलारिया को मिली वे तत्काल अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और बस में सवार लोगों को बाहर निकालने में लग गए. इस दौरान प्रशासन के अधिकारियों को सूचना दी. उसके बाद एसडीओपी देवनारायण यादव व टीआई केसर राजपूत पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बस में से निकालने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया. इस कार्य में जनपद पंचायत अध्यक्ष पिंकी राजपाल सिंह कलारिया, मदन सिंह, कृष्णपाल सिंह, धनपाल सिंह, दरियाव सिंह, ईश्वरसिंह, रोड़ी बाई, संतोष भाई, महेंद्र सिंह, कालू मेघवाल व अन्य लोगों की सराहनीय भूमिका रही.
दुर्घटना में यह हुए घायल
इस दुर्घटना में सुरेन्द्र पिता नाथूसिंह उम्र 35 वर्ष निवासी मक्सी, सिम्मी पिता रयानंद उम्र 23 वर्ष जयपुर, नेहा पिता विवेक प्रकाश उम्र 27 वर्ष जयपुर, शिवाजी पिता हरिप्रताप उम्र 23 वर्ष इन्दौर, पिंकेश पिता स्ताजी उम्र 38 वर्ष इन्दौर, सुरेन्द्र पिता देखकरण उम्र 30 वर्ष इंदौर, तंजीला पति इस्लाम उम्र 25 वर्ष कोटा, रचना पिता विजयसिंह उम्र 27 वर्ष देवास, अंकित शर्मा पिता सुरेश शर्मा उम्र 25 वर्ष इन्दौर, सुमित पिता दिनेश मेवाडा उम्र 29 वर्ष इन्दौर, मयंक पिता मोहनलाल भुतडा उम्र 37 वर्ष इन्दौर, कचाक पिता मयक भुता उम्र 15 वर्ष कोटा, 13 निमिता पति मयंक भुतडा उम्र 34 वर्ष, मनु पिता हमत सास्वत उम्र 32 वर्ष जयपुर, राजेशकुमार पिता बालुराम उम्र 50 वर्ष जयपुर, पवन पिता प्रहलाद शर्मा उम्र 35 वर्ष जयपुर, पीयुष पिता प्रेमचंद उम्र 29 वर्ष जयपुर घायल है. इसमें से कुल 4 लोग सुरेन्द्र, मयंक, कयांक व निमिता की उपचार के लिए आगर जिला अस्पताल रैफर किया गया है.
एसपी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी लगने पर जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया उसके बाद इस मार्ग पर बने जेंडर जोन का भी अवलोकन किया. एसडीएम सर्वेश यादव, तहसीलदार विजय सेनानी, चीफ बीएमओ डॉक्टर राजीव बरसेना भी अस्पताल में पहुंचे और घायलों से चर्चा की है. सभी घायलों का उपचार डॉक्टर हर्षिता टटवाल व स्वास्थ्य कर्मचारियों के द्वारा किया गया.
इनका कहना है
रविवार की सुबह खाटूश्यामजी से इंदौर जा रही बस सातवां मील गणेशपुरा जोड़ के समीप सडक़ दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसमें ड्राइवर कंडक्टर समेत 30 लोग सवार थे उनमें से 17 लोगों को चोटे आई थी. जिनका इलाज सिविल अस्पताल में किया गया है. प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से स्थिति पर नियंत्रण किया है. एक बालक व उसके पिता को बस में फंस जाने पर रेक्सयू कर सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया है
-सर्वेश यादव, एसडीएम सुसनेर
