भोपाल: इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी से जुड़े एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। इस मामले में भोपाल निवासी अबान शकील सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार अबान शकील शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत है और वह इवेंट्स के नाम पर ड्रग्स की सप्लाई से जुड़ा हुआ था।
पुलिस कार्रवाई के दौरान लग्जरी वाहनों के इस्तेमाल का भी खुलासा हुआ है। जांच में महिंद्रा थार और फोर्ड इकोस्पोर्ट कार जब्त की गई हैं, जिनका उपयोग कथित तौर पर सप्लाई के लिए किया जाता था।12 जनवरी 2026 को अबान शकील को 5.15 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में इंदौर निवासी वैभव उर्फ अरुण उर्फ बाबा शर्मा का नाम सामने आया, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने आगे की कार्रवाई की।
इंदौर में डीपीएस स्कूल बायपास के पास बिना नंबर की कार से वैभव शर्मा को दो युवतियों के साथ पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से भी एमडी ड्रग्स बरामद हुई। गिरफ्तार युवतियों की पहचान नेहा झा उर्फ रिशु (मुंबई) और अलीशा मसीह उर्फ जैनी (रतलाम) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक ये दोनों पब, बार और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई से जुड़ी थीं।
जांच में सामने आया है कि इवेंट्स कंपनी के नाम पर पार्टियों का आयोजन कर नशे की खेप खपाई जाती थी।
गिरोह के तार गोवा सहित अन्य राज्यों तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं।अब तक कुल 15.95 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई जा रही है।चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड पर लेकर सप्लाई चेन, ड्रग्स के स्रोत और शहर के बार-क्लब संचालकों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
