सराफा चौपाटी में सिर्फ 80 पारंपरिक दुकानें ही लगेंगी

इंदौर: शहर की पहचान बन चुकी सराफा चौपाटी अब नए नियमों और सख्त निगरानी के तहत संचालित होगी. नगर निगम ने साफ कर दिया है कि चौपाटी में अब केवल 80 पारंपरिक दुकानों को ही जगह मिलेगी और सभी दुकानें रात 10 बजे से सुबह 2 बजे के बीच ही संचालित होगी. वर्षों से चली आ रही अव्यवस्था, भीड़भाड़ और स्वच्छता को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद यह बड़ा फैसला लिया है. निगम ने चाइनीज, मोमोज और अन्य अनधिकृत फूड स्टॉल को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.
बुधवार रात निगम अधिकारियों ने चौपाटी क्षेत्र में माइक अनाउंसमेंट कर सभी दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे सिर्फ तय समय पर ही दुकानें लगाएं. इस दौरान सभी को बताया गया कि अब किसी भी तरह की अतिरिक्त दुकानें, अनियमित स्टॉल या अस्थायी ठेले नहीं लगाए जा सकेंगे. चौपाटी के लेआउट को दुरुस्त कर पारंपरिक दुकानों की ही मूल पहचान को संरक्षित करने पर जोर दिया जा रहा है.

थाना प्रभारी ने ली व्यापारियों की बैठक, दिए निर्देश
सराफा थाना प्रभारी राजकुमार लिटोरिया और पुलिस टीम ने बुधवार को व्यापारियों की बैठक लेकर नई व्यवस्था का पालन कराने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए. उनका कहना है कि भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए समयबद्ध व्यापार अनिवार्य है. व्यापारियों को समझाइश दी गई कि वे न केवल समय का पालन करें, बल्कि चौपाटी में भीड़ और ट्रैफिक अवरोध पैदा करने वाली गतिविधियों से भी दूर रहें.

नगर निगम ने दी यह चेतावनी
नगर निगम ने भी यह चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यापारी ने तय समय से पहले दुकान लगाई या अनाधिकृत रूप से स्टॉल बढ़ाया, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी. निगम ने साफ कहा है कि उल्लंघन की स्थिति में गाडिय़ां, काउंटर, सामग्री और स्टॉल तक जब्त कर लिए जाएंगे, मौके पर चालानी कार्रवाई की भी तैयारी है. वहीं, अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य सराफा चौपाटी को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक बनाना है, ताकि शहर की यह पहचान आने वाले दिनों में और बेहतर रूप में सामने आए. वहीं, सराफा एसोसिएशन के सदस्यों का कहना है कि यहां 80 दुकानों की अनुमति कैसे हुई, हम इस पर विचार कर रहे हैं, क्योंकि यहां पर 40 से 45 दुकानें ही हैं, इसके अलावा अभी कुछ भी कहना उचित नहीं होगा.

Next Post

शिक्षा का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लानाः राज्यपाल

Thu Nov 27 , 2025
इंदौर: राज्यपाल मंगुभाई पटेल की उपस्थिति में बुधवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू का 7वां दीक्षांत समारोह उत्साह, के साथ संपन्न हुआ. विश्वविद्यालय में समारोह का शुभारंभ संविधान के शिल्पकार युग पुरुष डॉ. बी.आर. अम्बेडकर एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से हुआ. साथ ही […]

You May Like