अंतिम विदाई बनी मिसाल: राकेश शर्मा का देहदान, मेडिकल विद्यार्थियों की पढ़ाई और शोध में आएगा काम

नीमच। किसी अपने को खोने का दर्द शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता, लेकिन इसी दुख के बीच जब परिवार ऐसा निर्णय ले, जिससे आने वाली पीढिय़ों के चिकित्सकों की पढ़ाई और चिकित्सा अनुसंधान को मदद मिले, तो अंतिम विदाई एक बड़े सामाजिक संदेश में बदल जाती है।

नीमच निवासी राकेश शर्मा के निधन के बाद उनके परिवार ने उनकी देहदान करने का निर्णय लिया। उनका पार्थिव शरीर वीरेंद्र कुमार सकलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नीमच को सौंपा गया। इस अवसर पर प्रशासन की ओर से पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान दिया गया। यह देहदान नीमच में वर्षों से चली आ रही नेत्रदान और देहदान की सामाजिक परंपरा का एक महत्वपूर्ण अध्याय है।

मेडिकल कॉलेज में अब तक 16 देहदान

मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. आदित्य बेरार ने बताया कि नीमच मेडिकल कॉलेज को अब तक 16 देहदान प्राप्त हो चुके हैं। दान की गई देह का उपयोग विद्यार्थियों द्वारा शरीर रचना विज्ञान के अध्ययन और प्रशिक्षण के साथ-साथ शोध कार्यों में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 100 एमबीबीएस सीटों के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुसार महाविद्यालय को प्रतिवर्ष करीब 10 देह की आवश्यकता होती है। एक देह पर लगभग 10 चिकित्सा विद्यार्थी शरीर रचना विज्ञान और शरीर क्रिया विज्ञान का अध्ययन करते हैं। ऐसे में देह की उपलब्धता कम होने पर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।

डॉ. बेरार ने नीमचवासियों से देहदान और अंगदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के लिए इसकी आवश्यकता लगातार बनी रहती है।

देहदान संवेदनशील भी और राष्ट्रचिंतन का विषय भी

एसडीएम पराग जैन ने देहदान को परिवार का संवेदनशील और महत्वपूर्ण निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि करीब 43 वर्षीय राकेश शर्मा के निधन के बाद परिवार ने आगे आकर देहदान किया और पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता को सौंपा।

उन्होंने बताया कि दान की गई देह का उपयोग चिकित्सकीय शोध और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में किया जा सकेगा। देहदान को संवेदनशील होने के साथ-साथ राष्ट्रचिंतन का विषय बताते हुए उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ ऐसे योगदान का महत्व भी बढ़ता जाएगा।

लायंस क्लब के माध्यम से 58वां देहदान

लायंस क्लब नीमच के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि क्लब के सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिन पहले नेत्रदान कराया गया और अब राकेश शर्मा का देहदान हुआ है। उन्होंने बताया कि यह लायंस क्लब नीमच के माध्यम से कराया गया 58वां देहदान है। क्लब के अनुसार अब तक करीब 2778 नेत्रदान भी कराए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि पहले नीमच से देह को रतलाम और उदयपुर के मेडिकल कॉलेजों तक भेजना पड़ता था, लेकिन अब नीमच में ही मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से देहदान का लाभ स्थानीय चिकित्सा शिक्षा और शोध को मिल रहा है।

भाई बोले—‘बढिय़ा लग रहा है’

राकेश शर्मा के भाई राजेश शर्मा ने बताया कि राकेश मूल रूप से बघाना के निवासी थे और लंबे समय से बढ़ई का काम करते थे। उन्होंने बताया कि मां के निधन के बाद राकेश की मानसिक स्थिति प्रभावित हुई थी और परिवार ने उनका उपचार भी कराया, लेकिन वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो सके।

देहदान के बाद मन की स्थिति पूछे जाने पर भाई राजेश शर्मा का छोटा-सा जवाब था—‘बढिय़ा लग रहा है।’ इस जवाब में अपनों को खोने का दर्द भी है और यह संतोष भी कि अंतिम विदाई के बाद भी राकेश की देह चिकित्सा विद्यार्थियों की पढ़ाई और शोध कार्यों में उपयोगी होगी।

एक देह, कई विद्यार्थियों की पढ़ाई का आधार

चिकित्सा शिक्षा में देहदान का महत्व वैज्ञानिक और शैक्षणिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। चिकित्सा विद्यार्थी वास्तविक मानव शरीर की संरचना को समझने के लिए दान की गई देह पर अध्ययन और अभ्यास करते हैं। नीमच में मेडिकल कॉलेज स्थापित होने के बाद स्थानीय स्तर पर होने वाले देहदान का सीधा लाभ यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों और शोध कार्यों को मिल रहा है।

राकेश शर्मा की अंतिम यात्रा ने यही संदेश दिया कि देहदान अंतिम विदाई के बाद भी ज्ञान और चिकित्सा सेवा की यात्रा को आगे बढ़ा सकता है। नीमच की पहचान लंबे समय से नेत्रदान और देहदान की सामाजिक परंपरा से जुड़ी रही है। ऐसे प्रयास इस परंपरा को मानव सेवा, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान से जोडऩे का काम कर रहे हैं।

Next Post

पुणे एक्सप्रेस अब खंडवा में भी रुकेगी

Fri Sep 18 , 2026
जबलपुर। यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए जबलपुर-पुणे-जबलपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस (20162/20161) का खंडवा स्टेशन पर ठहराव शुरू किया जा रहा है। यह सुविधा 20 सितंबर से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। जबलपुर से पुणे जाने वाली ट्रेन रविवार को रात 8:03 बजे खंडवा पहुंचेगी और 8:05 बजे […]

You May Like