चेंबर चुनाव की सभी तैयारियां पूरी, सुबह 8 बजे से होगा मतदान

ग्वालियर। मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के निर्वाचन-2026 को लेकर शुक्रवार को होने वाले मतदान एवं मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। इस संबंध में कलेक्टर रुचिका चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की जा चुकी है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदान शुरू होने से पहले सुबह 7:30 बजे प्रत्याशियों की उपस्थिति में मतपेटियों को सीलबंद किया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के लगभग दो घंटे बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मतदान के लिए चेंबर भवन में कुल 24 मतदान बूथ बनाए गए हैं। मतपत्र वितरण के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं, जहां प्रत्येक टेबल पर दो-दो निर्वाचन सहायक तैनात रहेंगे। मतदाताओं के प्रवेश के लिए केवल द्वार क्रमांक-1 का उपयोग किया जाएगा। प्रवेश द्वार के पास आठ टेबलों पर मतदाताओं की पर्चियां तैयार की जाएंगी, जिनके आधार पर उन्हें मतदान केंद्र के भीतर मतपत्र जारी किए जाएंगे। भवन के द्वार क्रमांक-2, 3 और 4 पूरी तरह बंद रहेंगे, जबकि द्वार क्रमांक-5 केवल आईडीबीआई बैंक के आवागमन के लिए खुला रहेगा। दिव्यांग एवं अशक्त मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्हीलचेयर के माध्यम से द्वार क्रमांक-6 से मतदान कक्ष तक पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई है। मतदाताओं और मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए चेंबर भवन के बाहर मुख्य मार्ग पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। इस पर कैमरों के माध्यम से मतदान व्यवस्था की लाइव जानकारी दिखाई जाएगी, हालांकि मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए किसी भी मतदान बूथ का दृश्य प्रदर्शित नहीं किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चेंबर भवन के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही हथियार लेकर प्रवेश करने पर भी सख्त रोक रहेगी। प्रत्याशी यदि चाहें तो निर्धारित 100 मीटर की सीमा के बाहर अपने समर्थकों के लिए टेंट, पेयजल एवं कूलर जैसी सुविधाओं की व्यवस्था कर सकते हैं।

*दोनों प्रमुख हाउसों द्वारा घोषित मुख्य पदों के प्रत्याशी इस प्रकार हैं:*

व्हाइट हाउस प्रत्याशी :

अध्यक्ष पारस जैन, संयुक्त अध्यक्ष डॉ. विनोद जैन, उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल “सनी”, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव दीपक पमनानी

क्रिएटिव हाउस

अध्यक्ष : क्रिएटिव हाउस ने इस पद पर सीधे तौर पर कोई आधिकारिक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, लेकिन अंदरूनी तौर पर रणनीति तैयार की है। मुख्य मुकाबला पारस जैन और निर्दलीय एवं व्हाइट हाउस से बगावत करने वाले प्रवीण अग्रवाल के बीच है। संयुक्त अध्यक्ष: सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष: संदीप नारायण अग्रवाल, सचिव : राकेश अग्रवाल, सह सचिव: राकेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष : अजय गोयल।

मुख्य निर्दलीय प्रत्याशी : अध्यक्ष पद डॉ. प्रवीण अग्रवाल (मौजूदा अध्यक्ष, जिन्होंने बागी होकर निर्दलीय पर्चा भरा है)।

Next Post

महाराष्ट्र में तडाली-घुगुस रेलखंड का होगा दोहरीकरण, रेलवे ने प्रदान की 228 करोड़ रुपये की परियोजना

Thu Jul 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (वार्ता) महाराष्ट्र में तडाली-घुगुस रेलखंड के 14 किलोमीटर मार्ग का दोहरीकरण किया जाएगा। रेलव ने इसके लिए 228 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। गौरतलब है कि मध्य रेलवे के तडाली-घुगुस रेलखंड मौजूदा समय में वर्धा-बलहारशाह रेलखंड पर एक एकल लाइन वाला हिस्सा […]

You May Like

Play sound