नयी दिल्ली, 16 जुलाई (वार्ता) महाराष्ट्र में तडाली-घुगुस रेलखंड के 14 किलोमीटर मार्ग का दोहरीकरण किया जाएगा। रेलव ने इसके लिए 228 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। गौरतलब है कि मध्य रेलवे के तडाली-घुगुस रेलखंड मौजूदा समय में वर्धा-बलहारशाह रेलखंड पर एक एकल लाइन वाला हिस्सा है, जो दिल्ली-चेन्नई हाई डेंसिटी नेटवर्क (एचडीएन) मार्ग का हिस्सा है।
रेलवे ने गुरुवार को बताया कि दोहरीकरण का काम ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने और इस अहम मार्ग पर माल ढुलाई की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करेगा। यह रेलखंड मुख्य रूप से माल ढुलाई पर केंद्रित है और यहां कोयला, लौह अयस्क, जिप्सम, इंडियन ऑयल ब्लेंडिंग टर्मिनल – पेट्रोलियम, तेल और लुब्रिकेंट्स (आईओबीटी पीओएल- पेट्रोलियम उत्पाद), रेत और लैटेराइट ऐश जैसी ज़रूरी चीज़ों की ढुलाई होती है। मौजूदा लाइन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद के साथ यह दोहरीकरण परियोजना अतिरिक्त क्षमता प्रदान करेगी। रेलवे के अनुसार परियोजना के पूरा होने परसालाना 45 लाख टन अतिरिक्त माल की ढुलाई करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

