200 श्रद्धालु एक साथ कर सकेंगे उपयोग,दिव्यांगो के लिए अलग टॉयलेट
7 हजार स्केवयर फीट में बने 3 करोड़ 70 लाख के शौचालय
उज्जैन: एयरपोर्ट की तर्ज पर महाकाल मंदिर में नए शौचालय और यूरिनल बनकर तैयार हो गए हैं और इनका उपयोग भी प्रारंभ हो चुका है. महाकाल मंदिर 10 नंबर गेट के सामने यह बड़ी सौगात विकास प्राधिकरण के माध्यम से मंदिर में दर्शनार्थियों को प्राप्त हुई है.3 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से 7000 स्मयर फीट में नए टॉयलेट और यूरिनल बनकर तैयार है. मन्दिर आये श्रद्धालुओं को नित्य क्रिया के लिए भक्तों को इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए एयरपोर्ट की तर्ज पर फाइव स्टार टॉयलेट तैयार हैं। पूरे मध्य प्रदेश में ऐसे टॉयलेट और यूरिनल कहीं नहीं बने हैं, जैसे निर्माण एजेंसी विकास प्राधिकरण ने महाकाल मंदिर में बनाएं है.
वेस्टर्न के साथ इंडियन टॉयलेट
मंदिर परिसर में यह सुविधा प्रारंभ हो गई है जिसमें वेस्टर्न के साथ इंडियन टॉयलेट भी निर्मित किए गए हैं. महाकाल लोक के अलावा बड़े गणेश के सामने 10 नंबर द्वार पर पिछले 1 साल से इसका निर्माण चल रहा था जो पूरा हो गया है.
एक साथ 200 श्रद्धालु कर सकेंगे उपयोग
नवभारत से चर्चा में विकास प्राधिकरण के इंजीनियर शैलेंद्र जैन ने बताया कि मेल और फीमेल के अलग-अलग यूरिनल और टॉयलेट बनाए गए हैं, साथ ही दिव्यांगजनों के लिए भी एक-एक टॉयलेट अलग बनाया गया है. मजबूत हाईटेक आधुनिक सेंसर प्रणाली के साथ इन्हें निर्मित किया गया है. एक साथ 200 श्रद्धालु टॉयलेट और यूरिनल का उपयोग कर सकते हैं.
फीडिंग रूम भी तैयार
महाकालेश्वर मंदिर में आने वाले श्रद्धालु माता बहनो को एक और सौगात दी गई है. मंदिर में दर्शन करने आई महिला श्रद्धालु अब परेशान नही होगी. छोटे बच्चो को माताएं दूध पिला सके इसलिए फीडिंग रूम भी बनाया गया है.
मंदिर समिति को हैंड ओवर, आरंभ भी हो चुकेः संदीप सोनी
बाबा महाकाल के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सुलह सुविधा उपलब्ध हो इसके लिए सभी व्यवस्थाएं परिसर में जुटाई जाना बेहद आवश्यक है. श्रद्धालुओं की बढ़ती तादाद को देखते हुए विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माण एजेंसी के तौर पर हाईटेक शौचालय और यूरिनल का निर्माण किया है जो बनकर तैयार है और प्रारंभ भी हो चुके हैं.
– संदीप सोनी, सीईओ विकास प्राधिकरण
