जबलपुर: संजीवनी नगर निवासी एक महिला के साथ उसकी सहेली ने विश्वासघात करते हुए जेवरात हड़प लिए । पीडि़ता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर की है। पीडि़ता शक्ति जैन पत्नि विशाल जैन,(32) निवासी संजीवनी नगर, कृष्णा परिसर के सामने, संजीवनी नगर ने बताया कि दीपशिखा गुप्ता पति जितेश गुप्ता निवासी अवनी विहारसे उसकी पहचान वर्ष 2024 में हुई थी। दीपशिखा उसकी अच्छी सहेली बन गई थी और घर जैसे पारिवारिक संबंध बन गये, वह उसे छोटी बहन मानती थी। दिसंबर 2025 में दीपशिखा द्वारा अच्छी जान पहचान के चलते मानसिक रूप से अपनापन दिखाते हुए अपनी परेशानी बताई कि किसी आईपीएल प्रकरण में उसके पति के विरुद्ध केस दर्ज हो गया है, जिसमें उसके पति व दीपशिखा को स्वयं को जेल हो सकती है, उक्त प्रकरण से बचने के लिए उसके पास कोई मददगार, सहारा नहीं है
और उसे रूपयों की अति आवश्यकता है और कोई भी उधार नहीं दे रहा है न ही मदद कर रहा है। तब दीपशिखा काफी परेशान थी जिसके चलते उसने सोने चांदी के जेवरात एवं पांच हजार रूपए नगद दिए थे। 3 माह में वापिस करने का भरोसा दिलाया था। तीन माह बाद जब पैसे, जेवर वापिस मांगी गई तो टालमटोली करती रही। 27 जुलाई को उसके परिजनों को जेवर, नगदी देने की बात पता चल गई। इसके बाद उसने दबाव बनाया तो उसे धमकी दी गई। संजीवनी नगर थाने में 1 अगस्त 2026 को शिकायत करने गई तो वहां से उसे तिलवारा थाने भेज दिया गया। 20 दिनों तक गुमराह करने के बाद संजीवनी नगर थाने भेज दिया गया है लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
