
उज्जैन। बुधवार सुबह एमआर-5 मार्ग पर सडक़ किनारे खड़ा सीमेंट से भरा ट्राला अचानक जमीन धसने पर नाले में जा गिरा। सीमेंट की बोरियां गीली होने पर लाखों का नुकसान होना बताया जा रहा है।
राजस्थान के रामगंज मंडी का रहने वाला अंकित पिता तुलसीराम 20 साल राजस्थान के मोडक स्थित सीमेंट फैक्ट्री से ट्राले में 840 सीमेंट की बोरियां भरकर बुधवार सुबह उज्जैन स्थित चिमनगंज थाना क्षेत्र के एमआर-5 मार्ग पर शिव शक्ति ट्रेडर्स पहुंचा था। उसने दुकान के सामने सडक़ किनारे नाले के पास ताला खड़ा किया और शिव शक्ति ट्रेडर्स के मालिक प्रेम मीणा को कॉल किया। प्रेम मीणा के आने पर चालक ने सीमेंट खाली करने की बात कही। जिस पर दुकान के समीप ही बने गोदाम तक ट्राला ले जाने की बात कही गई। चालक ट्राला स्टार्ट करता उससे पहले ही नाले के पास की जमीन अचानक धंसने गई और ट्राला नाले में पलटी खा गया। बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव तेज था सीमेंट की बोरियां गीली हो गई। जिसके चलते शिव शक्ति ट्रेडर्स के मालिक को 3.50 लख रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है।
नाले की चौड़ाई भी 15 फीट से अधिक हुई
ट्राला पलटने की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी क्रेन की मदद से ट्राले को नाले से बाहर निकाला गया है। प्रेम मीणा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही इसी तरह टाइल्स से भरा ट्राला नाले में गिरा था। क्षेत्र में मार्ग निर्माण का कार्य चल रहा है ठेकेदार ने नाले के किनारे ठीक से निर्माण नहीं किया गया है। नाले की चौड़ाई भी 15 फीट से अधिक हो चुकी है आसपास भराव नहीं होने पर वाहन पलटने की घटना हो रही है।
